दतिया। वन कर्मचारियों पर हमलाकर बोल्डर से भरी ट्रैक्टर ट्राली लेकर भाग जाने वाले अारोपितों को डीपार पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित भागने की फिराक में थे। जिन्हें पुलिस ने ऐनवक्त पर पकड़ लिया। उक्त आरोपितों पर शासकीय कार्य में बाधा और वन अधिनियम के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया था।
जानकारी के अनुसार करीब तीन माह पूर्व गत 1 दिसंबर 2020 को डीपार थाना अंतर्गत वनपरिक्षेत्र अधिकारी हरकिशुन पिरोनिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वीट बडेर से जप्त नीले रंग का ट्रैक्टर क्रमांक एमपी15 एबी 5069, जिसमें बोल्डर भरा हुआ था, पकड़कर डीपार थाने की अभिरक्षा में रखने के लिए ले जा रहे थे। तभी दो दर्जन से अधिक लोगों ने वन अमले को घेरकर पत्थरबाजी कर दी और उक्त बोल्डर से भरे ट्रैक्टर ट्राली को अंधेरा का फायदा उठाकर ले भागे। उक्त अज्ञात आरोपितों पर धारा 353, 147, 341, 506बी व वन अधिनियम 1927 की धारा 33(1)ख के तहत अपराध पंजीबद्ध िकया गया था। उक्त आरोपितों की तलाश डीपार पुलिस द्वारा की जा रही थी।
थाना प्रभारी परमानंद शर्मा व उनकी टीम को शुक्रवार को मुखबिर से मामले के दो आरोपितों के बारे में सूचना मिली तो दविश देकर आरोपित संजू यादव पुत्र अतर यादव निवासी ग्राम लिलवारी थाना असवार को जरा तिराहे से व मिलन यादव पुत्र सूरज यादव निवासी ग्राम लिलवारी थाना असवार जो ग्वालियर भागने की फिराक में जेल तिराहे पर बस का इंतजार कर रहा था, गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई में डीपार थाना प्रभारी परमानंद शर्मा, एएसआई मुरारी शर्मा, आरक्षक नरेश कुशवाह, जयवीर सिंह, लायकराम, बृजमोहन उपाध्याय, राहुल यादव, विकास तोमर की भूमिका रही।

