भांडेर के ग्राम ततारपुर में अवैध शराब ठिकाने पर पुलिस व आबकारी टीम ने मारा छापा
दतिया. दतिया जिले में अवैध मदिरा की बिक्री की रोकथाम के लिए आबकारी विभाग की टीम द्वारा अवैध शराब बनाने के ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर एसपी गुरुकरन सिंह ने पुलिस बल को आबकारी विभाग की टीम के मदद के लिए भेजा गया। जिसके बाद आबकारी अधिकारी निधि जैन के निर्देशन में आबकारी अमले एवं पुलिस ने टीम ने संयुक्त छापामार कार्रवाई करते हुए भाण्डेर स्थित ग्राम ततारपुर में अवैध शराब ठिकानों से 11 लाख से ज्यादा की शराब और शराब बनाने के उपकरण जप्त किए। इस दौरान छापामार टीम ने मौके पर 16 हजार किग्रा गुड लाहन एवं 735 लीटर हाथ भट्टी शराब, अवैध मदिरा बनाने के उपकरण एवं संग्रहित किए जाने का सामान जिसमें 80 नीले रंग के ड्रम, 03 परात, 03 भट्टी, 03 मोटर सायकिल व अन्य सामान जप्त किया। सारा सामान ट्रैक्टर ट्राली में भरकर पुलिस की सुपुर्दगी में दिया गया। भांडेर क्षेत्र में उप चुनाव के दौरान की गई कार्रवाई बड़ी मानी जा रही है। इस मामले में 5 अज्ञात प्रकरण कायम किए गए हैं । दल-बल को देखकर अड्डे से आरोपी भाग निकले । कुल जप्त शराब, अवैध मदिरा बनाने एवं संग्रहित किए जाने वाले सामान की कुल कीमत 11 लाख 61 हजार 250 रुपये बताई गई है। जप्त अवैध मदिरा के सैम्पल न्यायिक विज्ञान प्रयोगशाला में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। दतिया जिले में इस तरह के अवैध शराब के कोराबार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी केएल भगौरा, वृत्त प्रभारी भाण्डेर आबकारी उपनिरीक्षक टीआर वर्मा, आबकारी उपनिरीक्षक अनिरूद्ध खानविलकर व पुलिस विभाग से राघवेन्द्र सिंह तोमर, उपनिरीक्षक पुलिस लाइन एवं अन्य पुलिस बल व आबकारी आरक्षक शारदा प्रसाद तिवारी, अशोक शर्मा, संजय शर्मा, प्रताप सिंह जाटव, रवि विसारिया, मनीष यादव, अवधेश भदौरिया, लक्ष्मीनारायण मांझी, की भूमिका रही।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter