नई दिल्ली । देश में 100 प्रतिशत लोगों तक स्वच्छ ईंधन (Clean Fuel) पहुंचाने का लक्ष्य पाने के लिए तैयार की जा रही है। केंद्र सरकार अगले दो साल में एक करोड़ से अधिक मुफ्त एलपीजी कनेक्शन (Free LPG Connections) देने के लिए स्कीम तैयार करने में लगी है। पेट्रोलियम सचिव तरुण कपूर ने कहा कि पहचान दस्तावेजों के साथ और बिना स्थानीय निवास प्रमाण के कनेक्शन देने की योजना तैयार है। उपभोक्ताओं को जल्द ही केवल एक डिस्ट्रीब्यूटर से बंधे होने के बजाय अपने पड़ोस के तीन डीलरों से एक रिफिल सिलेंडर (Refill Cylinder) लेने का विकल्प मिलेगा। ताकि उन्हें आसानी से सिलेंडर और कनेक्शन मिल सके। स्वच्छ ईधन देने की दिशा में यह बड़ा कदम माना जा रहा है।
केवल चार साल में गरीब महिलाओं के घरों में रिकॉर्ड आठ करोड़ मुफ्त LPG कनेक्शन प्रदान किए गए। इससे देश में एलपीजीधारकों की संख्या लगभग 29 करोड़ हो गई। केंद्रीय बजट में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (Ujjwala Scheme) के तहत एक करोड़ से अधिक मुफ्त रसोई गैस कनेक्शन देने की योजना है। सामान्य फ्यूल सब्सिडी आबंटन लगभग 1,600 रुपये प्रति कनेक्शन के खर्च को कवर करने के लिये पर्याप्त होना चाहिए।
पेट्रोलियम सचिव ने कहा कि उज्जवला योजना के बाद, भारत में एलपीजी कनेक्शन वाले घरों की संख्या बढ़ी है। अब ऐसे कम ही घर बचे हैं, जहां एलपीजी कनेक्शन न हो। एक करोड़ कनेक्शन के साथ हम 100 प्रतिशत घरों तक एलपीजी पहुंचाने के करीब होंगे। हालांकि एक करोड़ की इस संख्या में बदलाव हो सकता है। इनमें कई सारे ऐसे परिवार भी होंगे जो रोजगार अथवा अन्य कारणों से एक शहर को छोड़ दूसरे शहर गए होंगे, उन्हें एलपीजी के लिए परेशानी नहीं उठानी पड़े।


