अवैध शराब बिक्री से नाराज ग्रामीण पहुंचे थाने, थाना प्रभारी ने हड़काया तो मायूस होकर लौटे

दतिया ।  ग्राम गंधारी और चिरूला में अवैध शराब बिक्री के विरोध में मंगलवार को गांव के एक सैकड़ा महिला-पुरुषों ने चिरूला थाने पहुंचकर थाना प्रभारी भूमिका दुबे को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों की मांग थी कि गांव के कुछ लोग अवैध शराब बिक्री का कारोबार कर वहां माहौल खराब कर रहे हैं। जिससे गांव के युवा और मजदूर नशे की लत का शिकार बन रहे हैं। एक सप्ताह पहले एक व्यक्ति की शराब के नशे की हालत में पानी में डूबकर मौत भी हो गई थी। इस ओर पुलिस की अनदेखी से अवैध शराब बिक्री बेरोकटोक जारी है।

अवैध शराब बिक्री को लेकर गंधारी और चिरूला डेरे से आई महिलाएं ज्यादा नाराज दिखीं। उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाया कि लंबे समय से गांव में अवैध शराब बेची जा रही है। जिसे रोकने के लिए पुलिस कोई कदम नहीं उठा रही है। गांव में रहने वाले केवट और राय जाति के करीब दो दर्जन लोग कंजर डेरों से शराब अवैध रूप से लाकर अपने घरों से इसकी सप्लाई करते हैं। जिससे ग्रामीण नशे की लत का शिकार बन रहे हैं। महिलाओं ने कहाकि एक सप्ताह पहले ही शराब के नशे के कारण डेरा गंधारी निवासी एक व्यक्ति नंदू केवट की पानी में डूबकर मौत हो गई थी। महिलाओं ने शराब बिक्री पर रोक के लिए कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।

थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को ही दे डाली समझाइश

अवैध शराब बिक्री के मामले में थाने पहुंचे ग्रामीणों का ज्ञापन लेने के बाद थाना प्रभारी भूमिका दुबे ने उल्टा उन्हें ही हड़काते हुए कहाकि गांव में खुद शराब पीते हो और शिकायत करने थाने चले आते हो। थाना प्रभारी ने महिलाओं को भी समझाइश दे डाली कि कोई भी पुरुष शराब पिएं मिले तो उसकी शिकायत पुलिस को करें। थाना प्रभारी की इन बातों को सुनकर ग्रामीण ठगे से रह गए। उनका कहना था कि थाना प्रभारी ने अवैध शराब बेचने वालों पर कार्रवाई करने की तो बात कही नहीं, उल्टा उन्हें ही धमका दिया। पुलिस के इस रवैए पर ग्रामीणों में नाराजगी दिखाई दी। ज्ञापन सौंपने वालों में सुनीता, जसोदा, मीरा, पानकुंवर, सावित्री, रामवती उमेश, रजकू सहित काफी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter