दतिया । दो वर्ष के अंदर सभी गरीब परिवारांें को पक्के मकान एवं गैस सिलेंडर उपलब्ध करा दिए जाएंगे। जिससे महिलाओं को खाना बनाने में सहूलियत होगी और उन्हें धुएं से निजात मिलेगी। यह बात गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा ने शनिवार को बड़ौनी में बीड़ी श्रमिक सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कही।
गृहमंत्री ने उपस्थित जन सामान्य से शासन की जनहितैषी एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लेते हुए कहाकि भाजपा की सरकार गांव, गरीब, किसान महिलाओं के सम्मान एवं झोपड़ी के उत्थान की सरकार है। उन्होंने कहा कि सरकार ने महिलाओं के सम्मान में ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। प्रदेश में नगरीय निकायों, पंचायत चुनावों में महिलाओं को आरक्षण प्रदाय कर विभिन्न वर्गो की महिलाओं को घर से बाहर निकलकर सेवा करने का अवसर दिया गया है।
पुलिस विभाग में विभिन्न पदों पर एवं शिक्षकों की भर्ती में महिलाओं को 50 प्रतिशत का आरक्षण प्रदाय किया गया है। डा. मिश्रा ने कहाकि आज दतिया एवं बड़ौनी हर क्षेत्र में विकास कर रहा है। बड़ौनी की पेयजल समस्या का निदान हुआ है, वहीं बड़ौनी में तहसीलदार, उप पुलिस अधीक्षक के कार्यालय स्थापित कर पदस्थ किया गया है। बड़ौनी में भी स्टेड़ियम का निर्माण किया गया है। तहसील भवन बनना शुरू हो गया है। जो शीघ्र ही पूर्ण होगा। डा. मिश्रा ने इस दौरान लोगांें की समस्याओं को भी सुना। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र बुधौलिया, पूर्व विधायक डा. आशाराम अहिरवार, डा. रामजी खरे, विपिन गोस्वामी, वरिष्ठ भाजपा नेता मुकेश बेडर, सीताराम गुप्ता, अतुल भूरे चौधरी, कालीचरण कुशवाहा, आकाश चतुर्वेदी, गौरव गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि व गणमान्यजन उपस्थित रहे।
दतिया में पत्रकारिता और संस्कृत महाविद्यालय होगा शुरू
गृहमंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा ने कहाकि दतिया ऐजूकेशन हब की दिशा में बढ़ रहा है। एक वर्ष के अंदर यहां पत्रकारिता महाविद्यालय पुनः शुरू किया जाएगा। दतिया का धार्मिक एवं तीर्थ स्थल के रूप में विशेष महत्व होने के कारण यहां संस्कृत महाविद्यालय भी शुरू होगा। गृहमंत्री ने यह घोषणा शनिवार को शासकीय पीजी काॅलेज दतिया में 3 करोड़ 53 लाख की लागत से बने पांच कक्षों के लोकार्पण समारोह के दौरान की। गृहमंत्री डाॅ. मिश्रा ने कहाकि दतिया जिले में पीजी काॅलेज का अपना विशेष महत्व है। कार्यक्रम में प्राचार्य डीआर राहुल ने स्वागत भाषण दिया।
रविवार को विभिन्न कार्यक्रमों में होंगे शामिल
गृहमंत्री डा.मिश्रा 7 मार्च रविवार को विभिन्न कार्यक्रमों मंे सम्मिलित होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गृहमंत्री सुबह 9.30 बजे सिविल लाइन थाना के पास स्मार्ट सिटी के कार्यों का निरीक्षण करेंगे। सुबह 11 बजे ग्राम औरीना में गौशाला का भूमिपूजन करेंगे। अपरांह 3 बजे ज्योतिषी सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे और सायं 5 बजे तक स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

