दतिया। ग्राम के विकास के साथ ग्रामवासियों को हर सुविधा उपलब्ध हो, मेरा यह प्रयास रहता है। ग्रामीणों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए नदी पर पुल का निर्माण कराया गया, गांव में हाईस्कूल की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यह बात गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा ने ग्राम औरीना में जिले की सबसे बड़ी एक करोड़ 9 लाख की लागत से निर्मित होने वाली वृहद गौशाला का शिलान्यास करते हुए कही। गृहमंत्री ने इस अवसर पर 1 करोड़ 38 लाख के 17 निर्माण एवं विकास कार्यो की स्वीकृति प्रदान कर अप्रैल माह से कार्यो को शुरू करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों की मांग पर अनुसूचित जाति मोहल्ले में अम्बेडकर की प्रतिमा लगाई जाने की बात कही। इस अवसर पर उन्होंने शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को हित लाभ भी दिए।
गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा ने खेत तालाब योजना में एक हितग्राही को 3 लाख 30 हजार रुपये, नंदन फलोद्यान योजना में एक हितग्राही को 4 लाख रुपये, मेढ़ बंधान योजना में 54 हितग्राहियों प्रत्येक को हितलाभ दिए गए। इस अवसर पर भाजपा के जनप्रतिनिधि व ग्रामीणजन मौजूद रहे।
8 करोड़ के स्मार्ट सिटी कार्यो का किया शिलान्यास
गृहमंत्री डाॅ.नरोत्तम मिश्रा ने शनिवार को मिनी स्मार्ट सिटी योजना के तहत दतिया नगर में आठ करोड़ की लागत के विद्युतीकरण एवं सौन्दर्यीकरण कार्यो का शिलान्यास किया। गृहमंत्री ने किला चौक दतिया पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहाकि दतिया के विकास एवं सौन्दर्यीकरण में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। इसके लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। गृहमंत्री डा.मिश्रा ने कहाकि अतिक्रमण हटाओ मुहिम के तहत ऐसे अतिक्रमणकर्ता जिन्होंने सरकारी भूमियों पर अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण किए गए हैं, उन्हें हटाने की कार्रवाई की जाएगी, जबकि किसी भी गरीब का मकान नहीं तोड़ा जाएगा।


