कोविड-19: टीकाकरण में तेजी, देश में अब तक 2 करोड़ 40 लाख लोगों को लगाई गई कोरोना वैक्सीन

देश में कोविड टीकाकरण की गति तेज रफ्तार से चल रही है. अब तक पूरे देश में दो करोड़ चालीस लाख लोगों को वैक्सीन दी जा चुकी है. पिछले चौबीस घंटे में तेरह लाख से अधिक लोगों को कोविड का टीका लगा.

देश में अब तक 71 लाख 30 हजार हेल्थ केयर वर्कर्स को पहला डोज लगा है, वहीं करीब 39 लाख हेल्थ केयर वर्कर्स को दूसरा डोज लग गया है. इसी प्रकार 69 लाख 36 हजार फ्रंटलाइन वर्कर्स को पहला डोज लगा है और करीब 5 लाख फ्रंट लाइन वर्कर्स को दूसरा डोज लग गया है. देश के पैंतालीस साल से ऊपर के जिनको दूसरी गंभीर बीमारी है ऐसे आठ लाख तैतीस हजार लोगों को कोविड का पहला डोज लग गया है. वहीं साठ साल के उपर के 51 लाख से ज्यादा लोगों को कोविड का पहला टीका लग गया है. बुजुर्गो में टीकाकरण को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है.

वहीं, दूसरी तरफ देश के छह राज्यों में कोविड के मामलों में बढोतरी देखी जा रही है. ये राज्य हैं महाराष्ट्र, केरल, पंजाब, कर्नाटक, गुजरात और तमिलनाडु. बीते चौबीस घंटे में करीब अठारह हजार नए मामले सामने आए हैं. कुल मामलों के करीब चौरासी फीसदी इन्हीं छह राज्यों से हैं. महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा कोविड के मामले आ रहे हैं, उसके बाद केरल में केस ज्यादा दर्ज किए जा रहे हैं. देश में अभी एक्टिव केस एक लाख चौरासी हजार हैं, जो दुनिया के दूसरे देशों के मुकाबले कम हैं. 
भारत अपनी टेस्टिंग की क्षमता को बढ़ा रहा है. देश में अभी तक बाइस करोड़ से ज्यादा सैंपल की जांच हो चुकी है. देश में प्रति दिन पॉजिटिविटी दर 2.43 फीसद है. पिछले चौबीस घंटे में 133 लोगों की मौत कोविड से हुई है. देश के पांच राज्यों में कुल मौत का 77 फीसद दर्ज किया जा रहा है. अच्छी बात यह है कि देश के उन्नीस राज्य ऐसे हैं, जहां पिछले चौबीस घंटे में कोविड से कोई मौत नहीं हुई है. ये राज्य हैं राजस्थान, आंध्र प्रदेश, चण्डीगढ़, ओडीसी, उत्तराखंड, बिहार, पुडुचेरी, लक्षदीप, सिक्किम, लद्दाख, मणिपुर, मेघालय, नागालैंड, दादर नगर हवेली, दमन दीव, त्रिपुरा, मिजोरम, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, अरुणाचल प्रदेश

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter