फाग महोत्सव में एक बार फिर झूमेगा शहर, कवि कुमार विश्वास व सिंगर बादशाह भाग लेने आएंगे दतिया

दतिया । दतिया में आयोजित होने वाले फाग महोत्सव में एक बार फिर पूरा शहर झूमेगा। आयोजन में जहां प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास भाग लेने आएंगे वहीं बालीवुड सिंगर बादशाह अपने बैंड के साथ प्रस्तुति देंगे। यह आयोजन तीन दिवसीय होगा।

आयोजन के तहत फूलों की होली और भजन संध्या के साथ गीत-संगीत के कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया जाएगा। जिसमें कई नामचीन कवियों के साथ डा. कुमार विश्वास को भी आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय स्टेडियम पर होगा।

गृहमंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा के संरक्षण में आयोजित फाग महोत्सव का तीन दिवसीय आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू हो गई है। इसके तहत हास्य व्यंग गीत संगीत, फूलों की होली और भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। 2 से 5 अप्रैल तक चलने वाले इस महोत्सव में शहर के सभी लोगों से भाग लेने का आग्रह किया गया है। बताया जाता है कि दतिया में फाग महोत्सव की शुरुआत 2 अप्रैल से की जाएगी।

इसमें पहले दिन फूलों से होली खेली जाएगी। इस दौरान कलाकार गीतांजलि शर्मा एवं प्रसिद्ध गजल भजन गायिका मैथिली ठाकुर भाग लेंगी। शाम को भजन संध्या के आयोजन पर होली के गीत और भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। इसीके साथ फाग उत्सव भी मनेगा।

3 अप्रैल को अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इसमें डा.कुमार विश्वास के साथ ही कई अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कवि भी भाग लेंगे। इसके अलावा 4 अप्रैल को सुप्रसिद्ध म्यूजिकल पार्टी की नाइट का आयोजन किया जाएगा। इसमें फिल्मों के प्रसिद्ध गायक बादशाह और उनकी पार्टी का बैंड दतिया के लोगों के लिए प्रस्तुति देगा।

इस अवसर पर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील शहरवासियों से की गई है। फाग महोत्सव के दौरान अन्य कई कार्यक्रम भी होंगे जिनकी रूपरेखा तैयार की जा रही है। कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी गई है और इसके लिए शहर भर में होर्डिंग्स व बैनर लगाए गए है। इसे लेकर शहर की जनता में खासा उत्साह नजर आने लगा है।

 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter