दतिया । शुक्रवार का दिन जिले के पुलिस कर्मचारियों के लिए मिलाजुला रहा। एक ओर जहां कोतवाली पुलिस ने मोटर साइकिल चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। वहीं पुलिस कप्तान अमनसिंह राठौड ने कार्य में लापरवाही बरतने पर दो उपनिरीक्षक की वेतन वृद्धि पर रोक दी गई वहीं एक अन्य उपनिरीक्षक को 5 हजार के अर्थदंड से दंडित किया गया।
पुलिस अधीक्षक दतिया अमन सिंह राठौड के निर्देशन में दो मोटर साइकिल चोरी के आरोपितों को पकड़ा गया है। एसपी ने थाना कोतवाली क्षेत्र में हुई चोरियों कि पतारसी के लिए थाना प्रभारी कोतवाली रविंद्र गुर्जर व उनकी टीम को लगाया था। कोतवाली पुलिस टीम ने आरोपित अनिल कुशवाहा पुत्र गोविंदास कुशवाह निवासी रिछरा फाटक दतिया एवं वीरू पुत्र मुकेश अहिरवार निवासी रिछरा फाटक दतिया को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपितों से पूछतांछ की गई तो उनके द्वारा बताया गया कि गत 10 मार्च को जिला अस्पताल दतिया से मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 32 एमई 6123 की चोरी की थी तथा आरोपित वीरू अहिरवार ने 9 नबंवर 2020 को जिला अस्पताल दतिया से हीरो डीलक्स तथा मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी32 एई 4382 को चोरी करना कबूल किया गया। इसके अलावा कुछ माह पूर्व जिला टीकमगढ़ से एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी करना भी आरोपितों ने कबूला है। यह वाहन आरोपित अनिल कुशवाहा से ूबरामद किए गए। कुल तीन मोटरसाइकिल आरोपितों से जब्त की गई।
लापरवाही करने पर उप निरीक्षकों पर गिरी गाज
सीएम हेल्पलाइन में समय पर जवाब नहीं देने व लापरवाही बरतने वाले उप निरीक्षक केहरीसिंह परिहार की एक बेतन वृद्धि रोकी गई है। इसके अलावा अन्य उपनिरीक्षकों को लिस अधीक्षक अमनसिंह राठौड़ ने कार्रवाई करते हुए दंडित किया है। जानकारी के अनुसार उप निरीक्षक भास्कर शर्मा को भी लापरवाही बरतना महंगा पड़ा। गुम बालक बालिकाओं के दस्तावेज व विवेचना में लापरवाही करने पर भास्कर शर्मा की एक बेतन वृद्धि एसपी ने रोक दी है।
इसके अलावा उप निरीक्षक संजेश भदौरिया को भी गुम बालक-बालिकाओं के दस्तावेज व विवेचना में लापरवाही बरतने पर 5 हजार रुपए के अर्थ दंड से दंडित किया है। इस दौरान पुलिस कप्तान अमन सिंह राठौड़ ने लापरवाही बरतने वाले अफसरों पर कार्रवाई करते हुए कहाकि जांच एवं सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं चलेगी। कार्य में कोई भी ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

