दतिया ने अतिथि देवो भव की परंपरा को रखा कायम, मिशन नगरोदय में बोले गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा

दतिया। ‘अतिथि देवो भवः’ की परंपरा को कायम रखते हुए कोरोना के लाकडाउन के दौरान दतिया के लोगों ने बाहर से आने वाले व्यक्तियों को निःशुल्क भोजन कराकर मानवता की सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। यह बात गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा ने मिशन नगरोदय के आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।

गृहमंत्री ने नगर पालिका परिषद दतिया द्वारा शुक्रवार को वृन्दावन धाम दतिया में आयोजित मिशन नगरोदय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 242 हितग्राहियों को प्रथम किश्त के रूप में 2 करोड़ 42 लाख की राशि खातों में भेजी गई। इस दौरान पीएम स्वनिधि योजना के तहत 100 हितग्राहियों को 10 लाख की कार्यशील पंूजी, 18 स्वसहायता समूहों को 16.59 लाख की नगर साख सीमा का और 20 स्वसहायता समूहों को दो लाख रुपये की चक्रीय निधि का वितरण किया गया।

गृहमंत्री ने नगर पालिका परिषद दतिया के तहत 29वीं बटालियन एसएफ में 0.26 करोड़ की लागत के जीएसआर निर्माण कार्य, 0.45 करोड़ लागत की 29वीं वटालियन में पेयजल योजना का शिलान्यास और दतिया शहर में 1.5 करोड़ की लागत से बनने वाले सिटी पार्क निर्माण कार्य का भूमि पूजन भी किया। गृहमंत्री ने मिशन नगरोदय कार्यक्रम में कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा कोरोना के भय के बाद भी घर-घर जाकर गरीबों को खाद्यान्न वितरण में योगदान दिया गया। डा. मिश्रा ने कहाकि गरीब की थाली कभी न रहे खाली इसके लिए राज्य सरकार ने अंत्योदय रसोई योजना शुरू की है। कार्यक्रम को अन्य भाजपा जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया।

दतिया में आजादी के अमृत महोत्सव का किया शुभारंभ

देश की आजादी के 75वें वर्ष को समारोह पूर्वक मनाए जाने के लिए आजादी के अमृत महोत्सव अभियान का शुभारंभ गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा की उपस्थिति में वृन्दावनधाम दतिया में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पूजन से कर देश को आजादी दिलाने वाले अमर शहीदों के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस मौके पर डा. मिश्रा ने कहा कि देश को आजादी दिलाने वाले अमर वीर शहीदों को आने वाली पीढ़ी भूले नहीं बल्कि उनके दिए गए बलिदान को याद रख सके, इसके लिए पूरे देश में आजदी के 75वें वर्ष को अमृत महोत्सव अभियान के रूप में मनाया जा रहा है।

उन्होंने कहाकि देश को आजादी दिलाने में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, सरदार वल्लभ भाई पटेल, लोकमान्य तिलक, अमर शहीद तात्या टोपे, राम मनोहर लोहिया जैसे अनेकों क्रांतिकारियों ने बलिदान दिया। आज आवश्यकता है इन अमर शहीद सेनानियों का स्मरण कर भावी पीढ़ी इन अमर शहीदों से प्रेरणा ले। अमर शहीदों की याद में शाम 5 बजे नगर के शहीद स्थल पर लोगों द्वारा एकत्रित होकर दीपक एवं मोमबत्ती प्रज्ज्वलित कर श्रृद्धांजलि दी गई।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter