दतिया । इस बार फाग महोत्सव कृषि उपज मंडी प्रांगण में आयोजित किया जाएगा। पहले महोत्सव का आयोजन स्टेडियम ग्राउंड में होना था। लेकिन महोत्सव में आने वाले दर्शकों की भारी भीड़ को देखते हुए आयोजन स्थल में परिवर्तन किया गया है। गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा के संरक्षण में आयोजित होने वाले फाग महोत्सव को लेकर गत दिवस सिविल लाइन स्थित बचपन स्कूल में फाग महोत्सव आयोजन समिति की बैठक का संपन्न हुई। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अपने विचार रखे।
बैठक में भारी दर्शक संख्या के मद्देनजर महोत्सव के स्थान परिवर्तन की चर्चा की गई। अब फाग महोत्सव का स्थान परिवर्तन कर गल्ला मंडी के पीछे आयोजित किया जाएगा। आयोजन समिति अध्यक्ष जगत शर्मा ने बताया गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा के संरक्षण में जो स्थान परिवर्तन का निर्णय लिया गया है वह स्वागत योग्य एवं भविष्य की सुविधा के लिए लिया गया।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के स्थान परिवर्तन से दो तरह के फायदे होंगे। पहला खिलाड़ियों को आयोजन के बाद होने वाली परेशानी नहीं होगी। वहीं दतिया के लिए एक बड़ा आयोजन स्थल मिल पाएगा। जिसका उपयोग इस फाग महोत्सव के अलावा अन्य कार्यक्रमों में भी ले सकेंगे। सदस्यों द्वारा सर्वसम्मति से ग्रीन रूम समिति का गठन भी किया गया।
आयोजन स्थल पर सभी सदस्य अपनी जिम्मेदारी से काम करें और दर्शकों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो इसके लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां दी जा रही है। इन जिम्मेदारी को सभी को पूरी मेहनत से निभाने की बात कही गई। इस दौरान भाजपा नगर अध्यक्ष पंकज गुप्ता सहित समिति के पदाधिकारी सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
रंगारंग आयोजन होंगे फाग महोत्सव में
-2 अप्रैल को फूलों की होली- कलाकार गीतांजलि शर्मा एवं सुप्रसिद्घ गजल भजन गायिका मैथिली ठाकुर और उनके समूह की प्रस्तुति होगी।
-3 अप्रैल- अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन डा.कुमार विश्वास और अंतर्राष्ट्रीय कवियों द्वारा रचना पाठ किया जाएगा।
-4 अप्रैल – तीसरे दिन वॉलीवुड म्यूज़िकल नाइट में सुप्रसिद्घ कलाकार फिल्मी गायक बादशाह और उनका बैंड की प्रस्तुति होगी।


