दरअसल, देश में कोरोना वायरस के मामलों में तेजी से इजाफा हो रहा है। महाराष्ट्र में कोरोना वायरस का प्रकोप एक बार फिर तेजी से गहराता जा रहा है ऐसे में पीएम मोदी की मुख्यमंत्रियों के साथ होने जा रही यह बैठक बेहद अहम होने वाली है। कोरोना के प्रकोप के अलावा पीएम मोदी देश में टीकाकरण शुरू होने के बाद पहली बार मुख्यमंत्रियों के साथ बातचीत कर रहे हैं।
देश में इस साल एक दिन में सर्वाधिक 28,903 नए मामले
बता दें कि देश में कोविड-19 के एक दिन में 28,903 नए मामले सामने आने के बाद देश में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़कर 1,14,38,734 हो गई। इस साल एक दिन में सामने आए यह सर्वाधिक मामले हैं। आंकड़ों के अनुसार, इससे पहले 13 दिसंबर को 24 घंटे में वायरस के 30,254 नए मामले सामने आए थे। बुधवार को जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, देश में वायरस से 188 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1,59,044 हो गई।
77 फीसदी मरीज तीन राज्यों में
कुल सक्रिय मरीजों में सेे 77 फीसदी सक्रिय मरीज तीन राज्यों में हैं। अकेले महाराष्ट्र में 59 फीसदी और केरल में 12.24 फीसदी सक्रिय मरीज हैं। वहीं पंजाब में भी इनकी संख्या बढ़ रही है। पंजाब में अभी 5.34 फीसदी सक्रिय मरीज हैं।
मंत्रालय ने बताया कि महाराष्ट्र, पंजाब, केरल, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु और हिमाचल प्रदेश में बीते सोमवार को सबसे ज्यादा मौत हुई हैं। अकेले महाराष्ट्र में ही सर्वाधिक 48 लोगों की जान गई है। हालांकि राहत की बात है कि राजस्थान, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, झारखंड, लद्दाख, मेघालय, त्रिपुरा, नागालैंड, मिजोरम, अंडमान निकोबार और अरूणाचल प्रदेश में एक भी मौत नहीं हुई है।


