कुंभ मेले को देखते हुए केंद्र सरकार ने उत्तराखंड की सरकार को कई सलाह दी है. केंद्र की तरफ से भेजी गई चिट्ठी में कहा गया है कि कुंभ मेले के दौरान उच्च स्तरीय सेंट्रल टीम के सुझाए गए उपायों को अमल में लाना सुनिश्चित करें. 12 राज्यों से पिछले कुछ वक्त में कोरोना के अच्छे खासे मामले आए हैं. कुंभ में कोरोना प्रभावित राज्यों से भी श्रद्धालु आ सकते हैं. सेंट्रल टीम के मुताबिक रोजाना 10-20 श्रद्धालु और 10-20 आम लोग वहां पॉजिटिव हो रहे हैं.
फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं की हो जांच
केंद्र सरकार की तरफ से कहा गया है कि इमर्जेंसी ऑपरेशनल सेंटर के जरिये सांस संबंधी बीमारियों या इसके लक्षणों की निगरानी की जाए. सभी इलाकों में कोरोना टेस्टिंग की संख्या बढ़ाई जाए. जहां कोरोना मामलों की संख्या बढ़ने की आशंका हो, उन जगहों की विशेष निगरानी की जाए. केंद्र की तरफ से भेजी चिट्ठी में कहा गया है कि कुंभ स्नान के पहले और बाद में फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं की सिलसिलेवार जांच हो. अगर मामले बढ़ते हैं तो जेनोमिक सीक्वेंसिंग के लिए एनसीडीसी से तालमेल कर सैंपल भेजें.


