सेवढ़ा। सेवढा अनुभाग के ग्राम बेरछा स्थित नोतेले का डेरा पर संचालित दूध डेयरी पर गत दिवस प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने छापामार कार्रवाई कर मौके से सामग्री भी जप्त की। कलेक्टर संजय कुमार के निर्देशन में मिलावट से मुक्ति अभियान के तहत बेरछा िस्थत नोतेले डेरा पर तहसीलदार साहिर खान ने टीम के साथ वहां संचालित की जा रही डेयरी पर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान वहां से 101 किलो घी, 90 लीटर पाम आयल, 50 लीटर दूध, 100 किलो खोआ, 15 किलो क्रीम जप्त की गई। घी और खोआ में मिलावट के अंदेशे के चलते उनके सैंपल भी लिए गए।
अधिकरियों के वाहनों को देख डेयरी संचालक मोतीलाल यादव एवं जीतेंद्र यादव मौके से फरार हो गए। इस कार्रवाई में तहसीलदार साहिर खान, नायब तहसीलदार नरेंद्र यादव एवं राजस्व टीम शामिल रही। एसडीएम सेवढ़ा अनुराग निंगवाल ने बताया कि दोनों डेयरी संचालकों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत कार्रवाई प्रस्तावित की गई। इस डेयरी पर अपमिश्रण करने की शिकायत लगातार मिल रही थी।
