कोलकाता। असम और पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान के लिए प्रचार का काम खत्म हो गया है। शनिवार को पश्चिम बंगाल की 30 और असम की 47 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। वहीं बाकी जगहों पर प्रचार का काम पूरे जोरों पर जारी है।
पश्चिम बंगाल की 30 और असम की 47 सीटों पर शनिवार को होने वाले चुनाव के लिए गुरुवार शाम प्रचार थम गया। इस दौरान तमाम राजनीतिक दलों के नेताओं ने जनता से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ट्वीटर हैंडल से दो वीडियो को साझा कर असम और पश्चिम बंगाल की जनता से भाजपा के पक्ष में प्रचार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग बीजेपी को चाहते हैं और टीएमसी के अपराधिकरण की राजनीति काफी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा पश्चिम बंगाल में नियमों से चलने वाली और लोगों को केंद्रित सरकार देने का आश्वासन देती है। वहीं दूसरे वीडियो में पीएम ने कहा कि पूरे असम में कांग्रेस के शासनकाल में लोगों को भ्रष्टाचार और हिंसा की भयावह यादें हैं। संपर्क और बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने के लिए एनडीए के प्रयासों को भारी समर्थन मिल रहा है।
केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के विभिन्न इलाकों में चुनाव प्रचार किया। उन्होंने पूर्वी मेदिनीपुर के तामलुक, गोपीबल्लवपुर औप पुरुलिया में भाजपा के पक्ष में लोगों से मतदान करने की अपील की। इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी चुनावी सभाओं में हिस्सा लिया।
असम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने असम के डिब्रूगढ़ में रोड शो किया। उन्होंने कहा कि डिब्रूगढ़ की रैली से एकतरफा माहौल बना है। कांग्रेस यहां पर अधिकांश सीटें जीतेंगे। वहीं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि बदरुद्दीन अजमल घुसपैठियों को संरक्षण देते हैं। असम की सुरक्षा, संस्कृति को किसी से खतरा है तो वह बदरुद्दीन अजमल है। वहीं बात करें केरल के सियासी घमासान की तो सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने कांग्रेस और लेफ्ट पर मिलीभगत का आरोप लगाया है।
तमिलनाडु में मुख्यमंत्री पलानीस्वामी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए मदुरै में रोड शो किया। उन्होंने एक रोड शो मेलुर में भी किया। वहीं डीएमके के उदयनिधि स्टालिन ने ओट्टापिडारम में और डीएमके प्रमुख एम के स्टालिन ने तिरुवन्नामलई में चनाव प्रचार किया।


