Bihar : नालंदा में बेकाबू ट्रक ने मचाया मौत का तांडव, 8 लोगों को रौंदा

पटना । नालंदा में उस समय होली की खुशी का माहौल गम में बदल गया जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने करीब एक दर्जन लोगों को रौंद दिया। इस हादसे में जहां 8 लोगों की मौके पर मौत हो गई वहीं कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर पत्थरबाजी कर दी, जिसमें पुलिस कर्मी घायल हो गए। वहीं भीड़ ने अपना गुस्सा थाने में रखे वाहनों में आग लगाकर निकाला। इधर बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। 

सभी जगह लोग होली की खरीदारी के लिए रविवार को घरों से बाजारों के लिए निकले थे। सभी लोगों में होली को लेकर खुशी का माहौल था। इसी बीच बिहार के नालंदा में बड़ा सड़क हादसा हो गया है, जिसमें 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। जबकि कई लोगों के घायल होने की संभावना है। इस हादसे में आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर पथराव किया, जिसमें एक एएसआई जख्मी हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोर्स्टमाटम के लिए भेज दिया है, जबकि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

यह दुर्घटना नालंदा के तेल्हाड़ा थाना के पास हुई। जब तेज रफ्तार में आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने दर्जनों लोगों और कई दुकानों को रौंद दिया। इस हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। जबकि इस घटना में दर्जनों लोग गंभीर रूप से जख्मी हैं। इस घटना से आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर पथराव करते हुए जमकर नारेबाजी की। पथराव में एक एएसआई के जख्मी होने की सूचना मिल रही है।

बताया जाता है कि जहांनाबाद से ट्रक नालंदा की ओर आ रहा था। उसी समय थाना गेट के समीप ही ट्रक अनियंत्रित होकर दुकानों में घुस गया। जिससे दुकानदार समेत ग्राहकों की मौत हो गई। मिल रही जानकारी के अनुसार मृतकों में प्रदुम्न बिंद, कौशल बिंद समेत आठ लोग शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। निजी क्लिनिक हो या फिर सरकारी अस्पताल सभी जगह लोगों की भारी भीड़ देखी जा रही है। स्थानीय लोगों की मानें तो मृतकों की संख्या में और इजाफा हो सकता है। फिलहाल जिले से वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। नालंदा सड़क हादसे में हुई लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संवेदना व्यक्त की है और मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रुपये अनुग्रह अनुदान राशि देने के निर्देश दिए हैं। वहीं हादसे से भड़की भीड़ ने तेल्हाड़ा थाना के जब्त वाहनों में आग लगा दी। इसकी सूचना मिलते ही मौके पर नालंदा जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह पहुंचे और स्थिति पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter