नई दिल्ली। 16 जनवरी से देशभर में शुरू हुआ कोरोना टीकाकरण अब नए पड़ाव पर पहुंच गया है। एक अप्रैल यानी कल से 45 साल से ज्यादा उम्र वालों का टीकाकरण शुरू होगा यानी अब 45 साल से अधिक आयु के स्वस्थ व्यक्ति को भी वैक्सीन लग सकेगी। पहले ये सीमा 60 साल से अधिक उम्र वाले लोगों और 45 साल से अधिक उम्र वाले गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों तक ही थी। इसके अलावा स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि दोपहर तीन बजे के बाद टीकाकरण केंद्रों पर वॉक इन रेजिस्ट्रेशन की सुविधा दी जा रही है।
कोरोना को मात देने में राज्य सरकारे केंद्र के दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन कराने की कोशिश में जुटी हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को जब नया वित्त वर्ष शुरु होगा तब देश में 45 साल से ऊपर की उम्र के लोगों का टीकाकरण भी शुरु होगा। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने टीकाकरण अभियान की तैयारियों को लेकर सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि देश में टीके की कोई कमी नहीं है और केंद्र राज्यों को आपूर्ति जारी रखेगा। उन्होंने राज्यों से टीके की बर्बादी को 1 प्रतिशत पर लाने का ज़ोर दिया।
तमाम राज्यों के सेंटर्स पर इसके लिए तैयारी पूरी कर ली गयी है ।
तीसरे चरण में बड़ी संख्या में लोगों को टीका लगाया जा सके इसके लिए राज्यों ने अपने स्तर पर तैयारियां पुरी कर ली हैं। कोरोना की रोकथाम में टीकाकरण की सबसे बड़ी भूमिका है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक अब तक 6.3 करोड़ से ज्यादा टीके की खुराक लोगों को दी गई है। एक दिन के भीतर 19 लाख से ज्यादा खुराक लोगों तक पहुंची है। बात करें कोरोना के मामलों की तो देश में एक दिन के भीतर 53,480 नए मामले दर्ज किए गए। सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, गुजरात, पंजाब और मध्य प्रदेश में दर्ज किए गए हैं। जिनका योगदान कुल दर्ज नए मामलों में 84.73% है।
इस बीच मध्य प्रदेश में महाराष्ट्र से लगे जिलों में बसों के संचालन पर 30 अप्रैल तक प्रतिबंध लगाया गया है। राज्य में स्कूलों को नहीं खोला जाएगा। महाराष्ट्र में भी सरकार कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए इसकी रोकथाम को लेकर सतर्क है। राज्य के कई जिलों में रात्रि कर्फ्यू लगाने के साथ ही नंदूरबार में 15 अप्रैल तक लॉकडाउन लगाने का फैसला किया गया है। स्थानीय बाजारों, सिनेमाघरों, मॉल और धार्मिक स्थलों सहित गैर-जरूरी सेवाएं बंद रहेंगी
इधर, तमिलनाडु में कोविड-19 के मामलों को देखते हुए राज्य में मौजूदा लॉकडाउन को 30 अप्रैंल तक बढ़ा दिया है। जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर को ऑरेंज ज़ोन घोषित किया गया है। राजधानी दिल्ली में बढ़ते कोरोना के मामलों को देखते हुए दिल्ली एयरपोर्ट ने बड़ा फैसला लिया है। जिन राज्यों में कोरोना के केस तेजी से बढ़ रहे हैं, उन राज्यों से दिल्ली आने वाले यात्रियों की एयरपोर्ट पर रैंडम कोविड जांच की जाएगी। जो भी यात्री कोरोना पॉजिटिव पाया जाएगा उसे क्वारंटीन में रहना अनिवार्य होगा । उत्तराखंड सरकार ने अपने निवासियों और पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए अंतरराज्यीय यात्रा पर कुछ प्रतिबंध लगाए हैं। अब महाराष्ट्र, केरल, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, गुजरात, हरियाणा, पंजाब, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली से सड़क, वायु और ट्रेन से आने वाले लोगों को नकारात्मक आरटी-पीसीआर रिपोर्ट लेकर आने की सलाह दी गई है।


