नवरात्र में बंद रहेगा रामगढ़ काली माता मंदिर, मस्जिदों में भी सामूहिक नमाज पर रोक

दतिया । शुक्रवार शाम को 6 बजते ही दुकानों के शटर गिरना शुरू हाे गए। लाकडाउन की समयसीमा का पालन कराने के पुलिस ने बाजार का भ्रमण किया। इससे पूर्व स्थानीय प्रशासन ने शुक्रवार दोपहर विभिन्न विभागीय प्रमुखों व धर्मगुरुओं के साथ एसडीएम कार्यालय में बैठक कर कोविड गाइडलाइंस के पालन को लेकर दिशा-निर्देश दिए। जिसके तहत नवरात्रि में रामगढ़ काली मंदिर श्रद्धालुओं के बंद रहेगा। केवल पुजारी को ही मंदिर में पूजा करने की अनुमति होगी। रामनवमी पर भी मंदिरों में आयोजन न होकर पुजारी द्वारा ही पूजा कार्य सम्पन्न किया जाएगा। स्थानीय होटल, रेस्टोरेंट पर बैठकर जलपान ग्रहण करना प्रतिबंधित रहेगा। पैकिंग कर सामग्री ले जाने की छूट रहेगी।

वहीं शनिवार को सीएचसी भांडेर पर होने वाले कोविड टीकाकरण (सुबह 9 से शाम 5 बजे तक) के दौरान टीका लगवाने जाने वालों को लाकडाउन के दौरान छूट रहेगी। मस्जिदों में सामूहिक नमाज़ नहीं होगी। नमाज़ के दौरान मस्जिदों में 5 से अधिक व्यक्ति उपस्थित न रहने की सूचना मस्जिदों के बाहर चस्पा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में एसडीएम अरविंद सिंह माहौर, एसडीओपी मोहित कुमार यादव, सीईओ जनपद पंचायत हेमंत सूत्रकार, तहसीलदार सूर्यकांत त्रिपाठी, सीएमओ नपं विजयबहादुर सिंह, थाना प्रभारी भांडेर विजय लोधी, सीडीपीओ भांडेर सपना यादव, विभिन्न मंदिरों के पुजारी, शहर काज़ी एहतिशाम, कर्बला कमेटी अध्यक्ष अब्दुल जब्बार सुपर, नायब तहसीलदार शिवशंकरसिंह गुर्जर तथा अजय परसेडिया, बीएमओ डा.आरएस परिहार, आईटीआई प्रभारी प्राचार्य निजामुद्दीनकुरेशी, बीआरसीसी मनीष सेन, आदि उपस्थित रहे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter