श्रद्धालुओं के बंद हुए पीतांबरा और रतनगढ़ माता के द्वार, बड़ी माता मंदिर पर भी नहीं जा सकेंगे श्रद्धालु

दतिया। कोरोना संक्रमण के कारण चैत्र नवरात्र पर दतिया के सभी प्रसिद्ध माता मंदिरों के पट श्रद्धालुओं के लिए सोमवार से बंद कर दिए गए। शहर की कुल देवी विजय काली पीठ(बड़ी माता)मंदिर, पीतांबरा पीठ मंदिर, शनि देव नवग्रह मंदिर, गणेश मंदिर सहित रतनगढ़ माता मंदिर, भांडेर िस्थत रामगढ़ माता आदि मंदिरों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का प्रशासनिक अधिकारी एवं पुलिस अधिकारियों ने जायजा लिया। इस दौरान मंदिर के पुजारी को पट बंद करने के निर्देश दिए। मंगलवार से चैत्र नवरात्र के साथ ही गुडीपडवा हिंदू नववर्ष भी मनाया जाएगा। इस दिन से पंचांग में विक्रम संवत बदलने के कारण नवसंवत्सर मनाया जाता है। सभी मंदिरों पर कोरोना संक्रमण को देखकर चैत्र नवरात्रि में प्रतिबंध रहेगा। बहार से आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए मंदिरों को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। मंदिरों पर सुबह-शाम की आरती-पूजा का कार्य सिर्फ पंडितों द्वारा किया जाएगा।

इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल सिंह मौर्य ने जानकारी दी कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए चैत्र नवरात्रि पर्व पर सभी मंदिरों पर प्रतिबंध रहेगा। मंदिरों में चारों तरफ बेरिकेट्स लगाए जाएंगे, मंदिरों पर पुलिस भी तैनात रहेगी। उन्होंने चैत्र नवरात्रि पर्व पर सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वह अपने घरों में पूजा अर्चना करें और कोरोना से सुरक्षित रहें।

श्रद्धालुओं के लिए बंद हुए पीतांबरा पीठ के द्वार रोक

पीतांबरा पीठ मंदिर ट्रस्ट ने मंदिर के द्वार बंदकर दर्शन व्यवस्था पूरी तरह से बंद कर दी है। ऐसे में श्रद्धालु के नवरात्रि में माता दर्शन करने यहां नहीं आ पाएंगे। इससे पूर्व भी कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए पीतांबरा पर बाहरी श्रद्धालुओं के दर्शन पर रोक लगाई थी। उसके बाद सिर्फ स्थानीय लोगों को ही ऑनलाइन पंजीयन कराने पर दर्शन कराए जा रहे थे। रविवार से यह व्यवस्था भी बंद कर दी। पीतांबरा पीठ श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। वहीं रतनगढ़ माता मंदिर भी रविवार शाम से ही बंद हो गया। यहां बैरिकेडिंग भी कर दी गई है। एसडीएम अनुराग निंगवाल ने सोमवार को अमले के साथ वहां पहुंचकर व्यवस्थाएं देखीं।

बड़ी माता मंदिर रहेगा बंद

नवरात्र के दौरान बड़ी माता मंदिर पर सुबह से महिला श्रद्धालु माता के जलाभिषेक के लिए भारी संख्या में पहुंचती है। ऐसे में मंदिर पर व्यवस्थाएं बनाए रखना पुलिस के लिए चुनौती भरा होगा। मंदिर का चैनल गेट बंद करा दिया गया। वहां की गई व्यवस्थाओं का अधिकारियों ने जायजा लिया। इस मौके पर अपर कलेक्टर ए.के. चांदिल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल सिंह मौर्य, एसडीएम अशोक चौहान, एसडीओपी सुमित अग्रवाल, तहसीलदार नितेश भार्गव, कोतवाली टीआई धनेन्द्र भदौरिया, सिविल लाइन टीआई राकेश साहू सहित अन्य विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter