कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के 5वे चरण का मतदान शुरू हो गया। पश्चिम बंगाल में इस चरण में 39 महिलाओं समेत 319 उम्मीदवार 6 जिलों में 45 विधानसभा सीटों के लिए अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। एक करोड़ 12 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
पश्चिम बंगाल में पांचवें चरण का मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया है। मतदान साढे छह बजे तक जारी रहेगा। साथ ही आंध्र प्रदेश के तिरूपति और कर्नाटक की बेलगाम लोकसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए वोट डाले जा रहे हैं। इसके अलावा नौ राज्यों के 12 विधानसभा सीटों के उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है।
इस चरण में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। पश्चिम बंगाल में इस चरण में 39 महिलाओं समेत 319 उम्मीदवार 6 जिलों में 45 विधानसभा सीटों के लिए अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। एक करोड़ 12 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।इसके लिए 15 हजार 7 सौ 89 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। भारतीय जनता पार्टी सभी 45 सीटों पर चुनाव लड़ रही है जबकि सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस ने 42 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए हैं। कांग्रेस, वाम मोर्चा और उनकी सहयोगी इंडियन सेक्यूलर फ्रंट एक साथ संयुक्त मोर्चा के बैनर तले चुनाव लड़ रही है। बहुजन समाज पार्टी ने 32 उम्मीदवार खड़े किए हैं, सीपीआई (एम) ने 25 कांग्रेस ने 11, एआईएफबी ने 2 और आरएसपी, एनपीपी और सीपीआई ने एक-एक उम्मीदवार खड़े किए हैं जबकि 83 निर्दलीय के साथ अन्य़ 76 उम्मीदवार मैदान में हैं। राज्य में आठ चरणों में चुनाव कराए जा रहे हैं। कोवि़ड-19 महामारी की स्थिति को देखते हुए चुनाव आयोग ने एक हजार पांच सौ की बजाय प्रति एक हजार मतदाताओं पर एक मतदान केंद्र बनाया है। कोविड-19 संक्रमित या कोविड 19 के संक्रमण की आशंका वाले मतदाताओं के लिए डाक मतपत्र की व्यवस्था की गई है।
पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ आरिज आफताब ने कल कोलकाता में कोविड 19 महामारी के दौरान चुनाव प्रचार से संबंधित मुद्दों पर एक सर्वदलीय बैठक बुलाई थी। इस बैठक में सभी राजनीतिक दलों ने चुनाव आयोग द्वारा तय कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने पर सहमति व्यक्त की।
कोविड 19 के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाकी बचे तीन चरणों के लिए चुनाव प्रचार के समय में कमी की है। इन तीन चरणों में चुनाव प्रचार मतदान से 72 घंटे पहले ही समाप्त हो जाएगा। आयोग ने शाम सात बजे से सुबह 10 बजे तक चुनाव प्रचार पर रोक लगा दी है।
इस बीच, पश्चिम बंगाल में कल करीब सात हजार नए मरीजों में कोविड संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके बाद कोविड 19 के मामलों की संख्या बढ़ कर 6 लाख 36 हजार आठ सौ 85 हो गई और पिछले 24 घंटे के दौरान 26 मरीजों की मौत भी हो गई है। राज्य सरकार ने फैसला किया है कि कोविड संक्रमित मरीजों के लिए सभी सरकारी अस्पतालों में बिस्तर की संख्या 20 प्रतिशत और निजी अस्पतालों में 25 प्रतिशत बढाई गई है।
आज पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव के साथ ही आंध्र प्रदेश के तिरूपति और कर्नाटक की बेलगाम लोकसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए वोट डाले जा रहे हैं। साथ ही नौ राज्यों के 12 विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव के लिए वोट डाले जा रहे हैं। इस उपचुनाव में राजस्थान की तीन, कर्नाटक की दो और गुजरात, झारखंड, मध्यप्रदेश , महाराष्ट्र, मिजोरम, तेलंगाना और उत्तराखंड की एक-एक विधानसभा सीट पर भी मतदान हो रहा है।
ओ़डिशा के पीपली विधानसभा सीट का उपचुनाव कांग्रेस उम्मीदवार अजीत मंगाराज की मृत्यु के बाद स्थगित कर दिया गया है और नागालैंड की नोकसान विधानसभा सीट से एकमात्र उम्मीदवार एच चौबा चांग को निर्विरोध चुन लिया गया था। मध्यप्रदेश के दमोह विधानसभा सीट, गुजरात के मोडवा हडक सीट, महाराष्ट्र के पंधरपुर विधानसभा सीट, राजस्थान की राजसमंद, सूजनगढ़ और सहारा विधानसभा सीट सहित कुल 12 सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी है।


