दतिया. बुधवार को कृषि उपज मंडी भांडेर में लगे कांटे पर उपज तुलाई के बाद वजन कम निकलने पर किसानों ने हंगामा खड़ा कर दिया। जिसके बाद कांटे पर हो रही तुलाई को रुकवा दिया गया । हंगामे की खबर पर पुलिस और नायब तहसीलदार ने मंडी पहुंचकर पीड़ित किसान की कम तुलाई की शिकायत का भौतिक सत्यापन किया तो पाया कि कांटे पर होने वाले वाइब्रेशन के चलते यह स्थिति निर्मित हुई थी। इस दौरान अधिकारियों ने किसानों को समझा बुझाकर शांत कराया साथ ही व्यवस्थाओं में सुधार के संबंधितों को निर्देश दिए। इसके बाद ही मंडी में उपज खरीदी शुरु हो सकी।
किसान ने लगाया कम तौल करने का आरोप
भांडेर अनुभाग के ग्राम रमपुरा निवासी कृषक विजयप्रताप यादव मंगलवार की रात धान की उपज बेचने भांडेर मंडी आया था। बुधवार दोपहर में उसकी उपज का वजन मंडी परिसर में लगे धर्मकांटे पर बाहर कराए गए दूसरे धर्मकांटे के वजन से कम आया। इसीको लेकर किसान आक्रोशित हो गए । इयके बाद मौजूद किसानों ने धर्मकांटे पर तुलाई रोक दी। किसानों की मांग थी कि दोषियों पर एफआईआर दर्ज की जाए । किसानों के हंगामे की सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार शिवसिंह गुर्जर ने मंडी पहुंचकर वहां सचिव को निर्देशित किया कि वे मंडी की व्यवस्थाओं के सुधार को लेकर यहां के कामकाज को गंभीरता से देखें । उन्होंने किसानों को भी समझाइश देकर आक्रोश शांत करवा कर मंडी का कामकाज प्रारम्भ कराया । हालांकि प्रशासनिक रवैए से किसान पूर्णतः संतुष्ट नजर नहीं आए। किसानों के अनुसार मंडी में लगे इस धर्मकांटे का संचालन बंद होना चाहिए। इस दौरान थाना प्रभारी उत्तमसिंह मंडेलिया, नायब तहसीलदार अजय परसेडिया भी मौजूद रहे।

