दिल्ली : ITBP के कोविड केयर सेंटर में 500 बेड लेकिन आधे पर ही हुई मरीजों की भर्ती, ऑक्सीजन सप्लाई की है समस्या

नई दिल्ली के छतरपुर में आईटीबीपी द्वारा बनाए गये सरदार पटेल कोविड केयर सेंटर में सोमवार से अब तक 400 से ज्यादा मरीजों को भर्ती किया गया है। इस केंद्र में धीरे-धीरे भर्ती मरीजों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। भारत तिब्बत सीमा पुलिस द्वारा संचालित इस केंद्र में अभी 500 बिस्तर हैं।

छतरपुर में सरदार पटेल कोविड केयर सेंटर, राधा स्वामी ब्यास नई दिल्ली में भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) द्वारा 500 बेड के एक हॉस्पिटल की स्थापना के बाद यहां सोमवार से लेकर अब तक 400 से ज्यादा मरीजों को भर्ती किया गया है और यह दक्षिण दिल्ली में ऑक्सीजन की बेड की आवश्यकता को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होने लगा है और मरीजों के लिए एक वरदान की तरह सामने आया है।

इस केंद्र में लगातार एडमिशंस चल रहे हैं और धीरे-धीरे भर्ती मरीजों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। आइटीबीपी के प्रवक्ता विवेक कुमार पांडेय के मुताबिक शुक्रवार को सुबह तक यहां 400 से ज्यादा मरीज भर्ती थे। आईटीबीपी ने इस केंद्र को राधास्वामी व्यास प्रशासन और जिला प्रशासन दक्षिण दिल्ली के साथ मिलकर बनाया है।

दिल्ली में कोविड के केस लगातार बढ़ रहे हैं और मरीजों को ऑक्सीजन की आवश्यकता महसूस हो रही है ऐसी स्थिति में इस केंद्र में मरीजों को ऑक्सीजन बेड मुहैया कराया जा रहा है। गंभीर स्थिति होने पर इन्हें बड़े अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है और ठीक होने पर डिस्चार्ज भी किया जा रहा है। इस अस्पताल में सभी सुविधाएं निशुल्क हैं और मरीजों का खाना पीना दवाइयां और अन्य देखरेख पूरी तरह से मुफ्त है।

आइटीबीपी द्वारा संचालित इस केंद्र में अभी 500 बिस्तर हैं जिसको लेकर ऐसा कहा जा रहा है कि भविष्य में इसको बढ़ाया भी जा सकता है। बताते चलें कि इस केंद्र में आईटीबीपी ने जुलाई 2020 से फरवरी 2021 तक कोविड आइसोलेशन केंद्र भी संचालित किया था और लगभग साढे 7 महीने में 12,000 से भी ज्यादा मरीजों को ठीक करके दिल्ली को उस समय एक महत्वपूर्ण केंद्र प्रदान किया था जहां कोविड के मरीजों का बेहतर इलाज हो पाया था।

Banner Ad

 

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter