Datia News : दतिया । पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 30वीं पुण्यतिथि कांग्रेसियों द्वारा कोरोना गाइड लाइन का पालन करते हुए मनाई गई। इस दौरान जहां कांग्रेसियों ने गरीब परिवारों को खाद्यान्न वितरण किया वहीं जिला अस्पताल पहुंचकर रक्तदान किया गया। दतिया सहित सेवढ़ा, इंदरगढ़, भांडेर, उनाव, बडौनी में स्व. राजीव गांधी को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
कांग्रेस कार्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि कोरोना गाइडलाइन को ध्यान रखते हुए मनाई गई। जहां मुख्य अतिथि के रूप सेवढ़ा विधायक घनश्याम सिंह रहे। जबकि कांग्रेस जिलाध्यक्ष अशोक दांगी बगदा ने अध्यक्षता की। सभा का संचालन प्रदीप गुर्जर ने किया। जिला अध्यक्ष अशोक दांगी ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को याद करते हुए कहाकि आज जिस आधुनिक भारत का लोहा पूरी दुनिया मान रही है उसमें राजीव गांधी का बहुत बड़ा योगदान है। राजीव गांधी के प्रयासों से ही भारत विश्व के सम्मुख एक नई ताकत के रूप में उभरा।

कार्यक्रम के बाद जिला अध्यक्ष अशोक दांगी बगदा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं समेत जिला चिकित्सालय में रक्तदान किया। वहीं युवा कांग्रेस अध्यक्ष विष्णु गुर्जर के नेतृत्व में गरीब एवं जरुरतमंदों को राशन सामग्री वितरित की गई। इस दौरान नाहर सिंह यादव, उषा नाहर सिंह, पंजाब सिंह यादव, शंभू गोस्वामी, मोहर सिंह कौरव, मुईन कुरैशी, दीपेंद्र पुरोहित, बीके नामदेव, रामकुमार मुखिया, अशोक श्रीवास्तव, तूफान सिंह, विक्रम दांगी, नरेंद्र गुर्जर, रामलाल कुशवाहा, रामदास आदि कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सेवढ़ा में मनाई गई राजीव गांधी की पुण्यतिथि
शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कन्हरगढ़ दुर्ग स्थित ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय पर पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की पुण्यतिथि मनाई गई। इस मौके पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण किया तथा व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डाला। पूर्व पार्षद मनमोहन दीक्षित ने कहाकि स्व. गांधी ने देश को एक नई दिशा दी थी। उन्होंने पंचायती राज की स्थापना कर जमीनी स्तर पर लोगों तथा विशेषकर संस्थाओं को सशक्त बनाया। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जनवेद सिंह ने कहाकि स्व. राजीव गांधी ने देशहित के लिए कई एतिहासिक कदम उठाए थे, जिसका लाभ आज सभी वर्ग के लोग उठा रहे है। इस मौके पर राजेंद्र नोनेरिया, उधम बाबा नागिल, राजकुमार श्रीवास्तव, रहीश खान, देशराज कुशवाह, कमलेश शर्मा सहित अन्य लोगों ने पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी ।
इंदरगढ़ में पूर्व प्रधानमंत्री को दी श्रद्धांजलि
इंदरगढ़ किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष ओम पांचाला ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 30वीं पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कोरोना गार्डन का पालन करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्व. गांधी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर के किसान कांग्रेस प्रदेश महासचिव प्रांजल सिंह सोनू चौहान, पवन पांचाल, हरगोविंद कुशवाहा, शैलेंद्र साहू, कुलदीप साहू एवं किसान कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


