Gadchiroli Encounter: गढ़चिरौली एनकाउंटर में 13 नक्सली ढेर, महाराष्ट्र पुलिस को बड़ी सफलता

मुंबई : महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में शुक्रवार सुबह पुलिस के साथ हुए एनकाउंटर में 13 नक्सली मारे गए। यह मुठभेड़ मुंबई से करीब 1,000 किमी. दूर गढ़चिरौली जिले के इटापल्ली सब-डिवीजन में स्थित पायडी-कोटमी के जंगल में हुई। गढ़चिरौली पुलिस के अनुसार मारे गए नक्सलियों में छह पुरुष एवं सात महिला नक्सली हैं। विशेष तौर पर नक्सलियों से ही निपटने के लिए बनाई गई महाराष्ट्र पुलिस की सी-60 कमांडो फोर्स के साथ इन नक्सलियों की मुठभेड़ बहुत सटीक गुप्त सूचना मिलने के बाद हुई थी। कमांडो फोर्स को सूचना मिली थी कि उस स्थान पर किसी विशेष अभियान को अंजाम देने के लिए 60-70 नक्सली इकट्ठा हुए हैं। कमांडो फोर्स के निश्चित स्थान के नजदीक पहुंचते ही नक्सलियों ने उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। जवाब में सी-60 फोर्स ने भी गोलियां चलाईं। यह एनकाउंटर सुबह छह से 7.30 बजे के बीच हुआ, जिसमें 13 नक्सली मारे गए। मारे गए लोगों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। 

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter