दिल्ली में युवाओं का टीकाकरण बंद, सीएम केजरीवाल ने केंद्र सरकार को दिये 4 सुझाव

नई दिल्ली : मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि वैक्सीन खत्म होने की वजह से दिल्ली में 18 से 44 साल की उम्र के लोगों के लिए टीकाकरण शनिवार शाम से बंद कर दिया गया है। केंद्र सरकार से वैक्सीन मिलने पर इसे दोबारा शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर इस आयु वर्ग के लोगों के लिए तत्काल वैक्सीन उपलब्ध कराने की मांग की है। पत्र में उन्होंने देश में वैक्सीन की उपलब्धता बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार को चार सुझाव भी दिए हैं। मुख्यमंत्री ने शनिवार को डिजिटल प्रेस वार्ता में कहा कि दिल्ली को जून में वैक्सीन के आठ लाख डोज दिए जाने का कोटा तय किया गया है, जबकि मई में 16 लाख डोज दिए गए। ऐसे में जून का कोटा भी तत्काल बढ़ाया जाना चाहिए। दिल्ली में 50 लाख टीके लगाए जा चुके हैं। दिल्ली के सभी वयस्कों को टीका लगाने के लिए ढाई करोड़ डोज की जरूरत है। ऐसे में यदि सिर्फ आठ लाख डोज ही प्रतिमाह मिले तो टीकाकरण करीब 30 माह में पूरा हो पाएगा। इस बीच न जाने कितनी कोरोना की लहरें आएंगी और न जाने कितने लोग इसका शिकार होंगे। तीसरी लहर से दिल्ली और देश के लोगों को बचाने के लिए कम से कम समय में अधिक से अधिक लोगों को वैक्सीन की सुरक्षा दी जानी चाहिए। वैक्सीन के संकट से डरा हुआ है आम आदमी केजरीवाल ने कहा कि इस समय वैक्सीन की कमी केवल सरकार की चिंता नहीं है, बल्कि आम आदमी भी वैक्सीन के संकट से डरा हुआ है। बच्चों को वैक्सीन लगवाने के लिए हर व्यक्ति चिंतित है। वैक्सीन की कमी की से देश में बेहद मुश्किल हालात पैदा हो गए हैं।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter