‘ब्लैक फंगस को आयुष्मान भारत के तहत करें कवर’, PM मोदी को सोनिया गांधी की चिट्ठी

नई दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर ब्लैक फंगस (म्यूकोरमाइकोसिस) के इलाज के लिए दवाओं की समुचित आपूर्ति सुनिश्चित करने और सभी पीड़ितों के निशुल्क इलाज की मांग की है। सोनिया अपने पत्र में लिखा है कि इस नई बीमारी के निशुल्क इलाज की सुविधा केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना और अन्य स्वास्थ्य बीमा योजनाओं में नहीं है। इससे गरीब और मध्यम वर्ग के मरीजों को इलाज में भारी कठिनाई हो रही है। इसलिए इलाज में सहायता देने वाली सभी तरह की योजनाओं में ब्लैक फंगस बीमारी को भी अविलंब शामिल किया जाए। साथ ही सभी राज्यों से इस बीमारी को महामारी घोषित करने के लिए कहा जाए जिससे पीड़ितों के इलाज के लिए अस्पतालों में समुचित इंतजाम हो सकें। सोनिया ने लिखा है कि उन्हें पता चला है कि लिपोसोमल एंफोटेरिसिन-बी नाम की दवा इस बीमारी के इलाज के लिए जरूरी है। लेकिन यह दवा बाजार में आसानी से उपलब्ध नहीं है। कुछ दुकानदारों ने इसे ज्यादा दरों पर बेचने के लिए छिपा लिया है या दवा की जमाखोरी की जा रही है। दोनों ही बातों पर सरकार के ध्यान देने की जरूरत है। कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री को यह पत्र देश में ब्लैक फंगस से पीड़ित मरीजों की बढ़ रही तादाद के मद्देनजर लिखा है। इनमें से कुछ मरीजों की मौत भी हो चुकी है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter