नई दिल्ली : सीरम इंस्टीट्यूट ने अपने कार्यकारी निदेशक की उस टिप्पणी से खुद को अलग कर लिया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि सरकार ने उपलब्ध स्टाक पर ध्यान दिए बगैर विभिन्न आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण शुरू कर दिया। इसने कहा कि यह कंपनी का विचार नहीं है। सीरम ने यह भी स्पष्ट किया है कि अदार पूनावाला इसके एकमात्र आधिकारिक प्रवक्ता हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को लिखे एक पत्र में सीरम इंस्टीट्यूट के सरकार और नियामक मामलों के निदेशक प्रकाश कुमार सिंह ने कहा कि हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान कार्यकारी निदेशक सुरेश जादव की ओर से दिया गया बयान कंपनी का विचार नहीं है। उन्होंने कहा, अपने सीईओ अदार पूनावाला की ओर से मैं आपको सूचित करना चाहता हूं कि यह बयान सीरम इंस्टीट्यूट की ओर से नहीं दिया गया है। कंपनी इस बयान से खुद को पूरी तरह अलग करती है। मैं फिर से कहना चाहता हूं कि यह किसी तरह से कंपनी का विचार नहीं है। सीरम इंस्टीट्यूट कोविशील्ड का उत्पादन बढ़ाने और कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ लड़ाई में सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करने के लिए तैयार है।

