नई दिल्ली : राज्यों की तरफ से कोरोना वैक्सीन के लिए ग्लोबल टेंडर को लेकर पैदा हुए विवाद के बीच बृहन्मुंबई नगर पालिका (बीएमसी) ने दावा किया है कि उसे फाइजर, एस्ट्राजेनेका और स्पुतनिक वैक्सीन की आपूर्ति के लिए निविदाएं प्राप्त हुई हैं। बृहद मुंबई नगर निगम (एमसीजीएम) ने कोरोना वैक्सीन की एक करोड़ डोज के लिए 12 मई को सात सौ करोड़ रुपये का ग्लोबल टेंडर जारी किया था। बीएमसी के आयुक्त इकबाल सिंह चहल ने कहा, ‘वैक्सीन की एक करोड़ डोज खरीदने के लिए एमसीजीएम के ग्लोबल टेंडर पर आठ बोलियां (निविदाएं) अभी तक मिली हैं। एक बोली फाइजर/एस्ट्राजेनेका की वैक्सीन और शेष सात बोलियां स्पुतनिक की सप्लाई के लिए हैं।’ चहल के मुताबिक फाइजर/एस्ट्राजेनेक की वैक्सीन सप्लाई करने के लिए चेकोस्लोवाकिया की कंपनी ओ2ब्ल्यू एनर्जी एसआरएल ने बोली लगाई है। कंपनी ने कहा कि वह एक महीने के भीतर दोनों कंपनियों की वैक्सीन उपलब्ध करा सकती है। बोली जमा करने की मंगलवार को आखिरी तारीख थी। लेकिन चहल ने कहा कि टेंडर की अवधि को एक हफ्ते के लिए और बढ़ा दिया गया है, कंपनियां जरूरी दस्तावेज जमा करा सकें। उन्होंने कहा कि अन्य कंपनियां भी अगर निविदाएं जमा कराती हैं तो उन्हें स्वीकार किया जाएगा। हालांकि, चहल के बयान के तुरंत बाद फाइजर ने एक अस्वीकरण जारी किया। इसमें कंपनी की प्रवक्ता ने कहा कि न तो फाइजर ने और न ही भारत समेत दुनिया के किसी अन्य देश में स्थित उसकी सहयोगी कंपनी ने किसी व्यक्ति को फाइजर-बायोएनटेक की कोरोना वैक्सीन के आयात/विपणन/वितरण के लिए अधिकृत किया है। कंपनी अपनी वैक्सीन को राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध कराने के लिए भारत सरकार के साथ बातचीत जारी रखे है।

