नई दिल्ली : दिल्ली से नेवार्क (अमेरिका) जा रहे एक यात्री विमान को उड़ान के दौरान ही तब बीच सफर से लौटना पड़ा जब विमान के केबिन में एक चमगादड़ नजर आ गया. पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क कर विमान को दिल्ली में वापस उतारने की अनुमति मांगी और विमान उतारा गया।
एयर इंडिया का विमान गुरुवार को देर रात 2.20 बजे दिल्ली से नेवार्क के लिए रवाना हुआ। रनवे से उड़ान भरने के करीब आधे घंटे के बाद विमान में चमगादड़ नजर आया।
मामला संज्ञान में आने के बाद पायलट ने विमान को दिल्ली में उतारने का फैसला किया। पायलट द्वारा एयर ट्रैफिक कंट्रोल को मामले की जानकारी देने के बाद एयरपोर्ट पर विमान को उतारने की तैयारी शुरू हो गई। आपात हालात को देखते हुए एयरपोर्ट पर सभी को सचेत कर दिया गया।
तड़के 3.55 बजे विमान एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा। छानबीन में पता चला कि चमगादड़ मृत था। इसे बिजनेस क्लास के एक केबिन में देखा गया था। इसके बाद वाइल्ड लाइफ कर्मियों को बुलाया गया ताकि वे केबिन से चमगादड़ को हटाएं।
सुरक्षा विभाग को दी गई जानकारी मामले की जानकारी एयरलाइंस के फ्लाइट सेफ्टी विभाग को दी गई ताकि इस पूरे प्रकरण में यह पता लगाया जा सके कि कहां चूक हुई है और आखिर विमान में चमगादड़ कहां से आया। इस बात की भी संभावना जताई जा रही है कि खानपान से जुड़ी सामग्री को लेकर आने वाली गाड़ियों के जरिये चमगादड़ विमान में प्रवेश कर गया हो।
दूसरे विमान से यात्रियों को भेजा गया चमगादड़ पाए जाने के बाद विमान को खाली करा लिया गया। इसके बाद यात्रियों को दूसरे विमान एआइ-105 से नेवार्क भेजा गया। यह विमान स्थानीय समय के अनुसार 11.35 पर नेवार्क पहुंचा।


