नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस से बात की और भारत को वैक्सीन आपूर्ति का आश्वासन देने के लिए अमेरिका की सराहना की। अमेरिका ने वैश्विक टीका साझेदारी के तहत भारत को भी वैक्सीन देने का अश्वासन दिया है। इसके तहत भारत को इस माह के अंत तक वैक्सीन की खेप मिलने की उम्मीद है।
एक के बाद एक कई ट्वीट करते हुए प्रधानमंत्री ने अमेरिकी सरकार, कारोबारियों और प्रवासी भारतीयों से मिले सहयोग और एकजुटता के लिए भी कमला हैरिस का शुक्रिया अदा किया।
उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, भारत-अमेरिका के बीच टीका साझेदारी को और मजबूत करने के लिए जारी प्रयासों तथा कोविड-19 के बाद स्वास्थ्य व आर्थिक क्षेत्र के सुधार में योगदान देने की दोनों देशों की साझेदारी की संभावनाओं पर भी हमने चर्चा की।
अमेरिकी दूतावास ने भी हैरिस के वरिष्ठ सलाहकार और मुख्य प्रवक्ता का बयान जारी किया, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी समेत चार देशों के नेताओं के साथ उनकी बातचीत का जिक्र किया। इस बातचीत में इस माह के अंत तक भारत और अन्य देशों को वैक्सीन आपूर्ति की योजना पर चर्चा हुई।


