Datia News : दतिया। लांच पुलिस ने ग्रामीण क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर थाना क्षेत्र के ग्राम कुलैथ, वरजोर, खैरोना में एसपी के निर्देश पर शनिवार को फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान लांच थाना प्रभारी भास्कर शर्मा ने पुलिस बल के साथ गांवों में पैदल भ्रमण किया। कुलैथ में पाल और जाटव समुदाय के लोगों के आमने-सामने आ जाने पर गांव में तनाव की िस्थति को देखते हुए पुलिस लगातार सतर्कता बरत रही है। इस दौरान गांव में घूमकर शरारती तत्वों पर निगरानी भी रखी जा रही है।
बतादें कि गत शुक्रवार को ग्राम कुलैथ में पाल और जाटव समुदाय के लोगों के बीच चल रही तनातनी के बाद पुलिस ने इस मामले में लांच थाने में दोनों पक्षों में आपसी विवाद के चलते 45 लोगों पर शांति भंग का मामला दर्ज किया था। बाद में इन सभी को इंदरगढ़ न्यायालय में पेश कर जमानत पर रिहा कर दिया गया। कुलैथ में वर्चस्व को लेकर पाल और जाटव समाज में लम्बे समय से विवाद चल रहा है। पूर्व में जाटव समाज के लोग लाठियां से लैस होकर गांव में निकले थे।पाल और जाटव समुदाय का यह विवाद पुलिस के लिए भी िसरदर्द बन गया है।
लांच थाना प्रभारी भास्कर शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में शांति भंग ना हो व सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए फ्लैग मार्च निकाला गया है। पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ लोगों के सुरक्षा के लिए तैनात है। शरारती तत्वों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
जाटव समाज के लोग पहुंचे थे थाने
ग्राम कुलैथ के पाल समुदाय पर एफआईआर कराने जाटव समाज से लोग लांच थाने पहुंचे थे। पुलिस की जांच में मामला मनगढंत निकलने पुलिस ने पूर्व सरपंच श्रीराम जाटव सहित दोनों पक्षों के 45 लोगों पर 151 की कार्यवाही की थी । इससे पूर्व भी गांव में जाटव समाज के लोग लाठियां लेकर पाल समाज पर दबाब बनाने के लिए जुलूस निकाल चुके हैं। दोनों पक्षों में विवाद की िस्थति के कारण गांव में तनाव बढ़ गया है।


