अनाथ बच्चों ने सोशल मीडिया पर प्रशासन से लगाई मदद की गुहार, कुछ ही देर में पहुंचे अधिकारी, राशन सामग्री कराई उपलब्ध

Datia News : दतिया । नगर तहसील के पास आदिवासी बस्ती में रहने वाले 5 नाबालिग अनाथ बच्चों की मदद के लिए इंटरनेट मीडिया के माध्यम से प्रशासन से गुहार लगाई गई थी। इंटरनेट मीडिया पर अनाथ बच्चों का वीडियो वायरल होते ही जिला प्रशासन सक्रिय हुआ। इन बच्चों की खाेज खबर ली गई। इसके बाद तहसीलदार सुनील भदोरिया, टीआई वाइएस तोमर, महिला बाल विकास अधिकारी शर्मा सहित भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र बुधौलिया ने बच्चों के घर पहुंचकर उन्हें सरकारी तौर पर राशन सामग्री सहित अन्य सुविधा उपलब्ध करवाई।

जानकारी के अनुसार इन बच्चों के पिता रामकुमार जाटव 2 फरवरी को गुजरात में मजदूरी करने गए थे, वहीं पर उनकी मौत हो गई। मां का साया भी 3 साल पहले ही उठ चुका था। 3 माह पहले पिता की मृत्यु के बाद पांचों भाई बहन एकदम अनाथ हो गए। मोहल्ला वासियों ने मदद कर खाने-पीने की व्यवस्था कर रहे थे, लेकिन प्रशासन द्वारा सहायता इन बेसहारा बच्चों को नहीं मिल पा रही थी। जिसके लिए नईदुनिया प्रतिनिधि ने बीड़ा उठाया और इन तक प्रशासनिक सहायता पहुंचाई गई। इन अनाथ बच्चों में रेनू 18, मीनू 16, निक्की 14, अभिषेक 11 एवं लक्स 6 शामिल हैं।

रविवार दोपहर भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र बुधौलिया, तहसीलदार सुनील भदोरिया, टीआई तोमर, महिला बाल विकास अधिकारी शर्मा अनाथ बच्चों के घर पहुंचे। जहां तहसीलदार ने 1 माह का राशन उन्हें उपलब्ध कराया। इस दौरान नाबालिग रेनू ने बताया कि बीपीएल कार्ड होने के बाद भी कई बार नगर परिषद में मदद के लिए गुहार लगाई थी, लेकिन कोई भी मदद नहीं मिली। तहसीलदार भदौरिया ने बताया कि कलेक्टर को इन अनाथ बच्चों के बारे में विस्तार से बताया गया है।

इन बच्चों में सबसे बड़ी रेनू को सरकारी नौकरी दिलाए जाने के साथ अन्य सहायता भी दिलाई जाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही अभी तक संबंधित विभागों की ओर से इन्हें मदद क्यों नहीं की गई, इसकी जांच भी कराई जाएगी। भाजपा जिला अध्यक्ष बुधौलिया ने कहाकि इन अनाथ बच्चों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए पार्टी तत्पर रहेगी। एक कार्यकर्ता उनकी मदद के लिए नियुक्त किया गया है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter