नई दिल्ली : पेट्रोल की कीमत छह राज्यों में 100 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गई है। दिल्ली में भी 21 पैसे की बढ़त के साथ रविवार को पहली बार पेट्रोल प्रति लीटर 95 रुपये से ज्यादा के भाव पर बिका। डीजल की कीमत भी 20 पैसे बढ़कर 86 रुपये प्रति लीटर के पार निकल गई है।
चार मई से अब तक पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 20 बार वृद्धि हुई है। इस दौरान पेट्रोल में 4.69 रुपये और डीजल में 5.28 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है।
पेट्रोल की कीमत राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और लद्दाख में 100 रुपये प्रति लीटर के ऊपर पहुंच गई है। वैट एवं अन्य स्थानीय शुल्क के आधार पर राज्यों में पेट्रोल-डीजल की कीमतें अलग-अलग होती हैं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की लगातार बढ़ती कीमत के कारण घरेलू स्तर पर ईधन महंगा हो रहा है। पिछले दो साल में पहली बार कच्चा तेल 72 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया है।

