प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने पति को मार डाला, दिल्ली में दिया घटना को अंजाम, हत्यारोपित प्रेमी गिरफ्तार

नई दिल्ली : निहाल विहार क्षेत्र में रहने वाले झारखंड के गिरिडीह जिले के धनवार निवासी अनिल साहू की हत्या उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर कर दी। घटना बीते दो जून की है। प्रेमिका के साथ वारदात को अंजाम देकर भाग निकले प्रेमी मोहम्मद असलम को दिल्ली पुलिस ने गिरिडीह जिले के जमुआ थाने की पुलिस के सहयोग से उसके घर जमुआ के कोलखा गांव से रविवार को धर दबोचा।

जमुआ थाने में रविवार को मामले की जानकारी देते हुए नई दिल्ली के निहाल विहार थाने के एसआइ अमित नारा ने बताया कि दो जून को मृतक अनिल साहू की पत्नी ज्योति कुमारी ने थाने में फोन कर अपने पति की हत्या की सूचना दी थी।

प्रारंभिक जांच के दौरान ज्योति की भूमिका पर भी पुलिस को शक हुआ। मृतक अनिल के चेहरे और गर्दन पर 50 से अधिक ब्लेड से वार किए गए थे।

ज्योति के कपड़े पर भी खून के धब्बे मिले थे। कड़ाई से पूछताछ के क्रम में ज्योति ने पुलिस के समक्ष अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करने की गुनाह कबूल ली थी।

इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया था। बताया जा रहा है कि आरोपित मो. असलम भी दिल्ली के दूसरे इलाके में रहकर रोजगार करता था।

अनिल साहू दिल्ली में अपने परिवार के साथ निहाल विहार इलाके की शिव विहार कालोनी स्थित एक फ्लैट में रहता था। वह वहां प्लेसमेंट जाब करता था। वह अपनी पत्नी, एक बेटा और एक बेटी के साथ रहता था।

2019 में ज्योति और मोहम्मद असलम के बीच बातचीत शुरू हुई थी। दोनों आपस में एक दूसरे से मिलते-जुलते थे। दिल्ली पुलिस के मुताबिक घटना के वक्त रात को अनिल अपने बच्चों के साथ सोया हुआ था।

इसके पहले अपने पति को ज्योति ने नींद की गोली देकर सुला दी थी। इसके बाद प्रेमी के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। एसआइ नारा ने आरोपित की गिरफ्तारी में जमुआ पुलिस से मिले सहयोग को सराहा। मौके पर जमुआ थाने के थाना प्रभारी प्रदीप दास भी मौजूद थे।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter