वाशिंगटन । अमेरिका के वरिष्ठ सांसदों का कहना है कि वैश्विक महामारी कोविड-19 के खिलाफ जंग में भारत अमेरिका का रणनीतिक साझीदार है और इस लड़ाई में अमेरिका को भारत की मदद करनी चाहिए। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रशासन से अतिरिक्त वैक्सीनों को भारत के साथ साझा करने का आग्रह किया है। इस बीच व्हाइट हाउस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार भारत में कोरोना की दूसरी लहर के बावजूद क्वाड देशों (आस्ट्रेलिया, भारत, जापान और अमेरिका) के दक्षिणपूर्व एशिया में वर्ष 2022 तक एक अरब कोविड वैक्सीन उपलब्ध कराने का लक्ष्य अभी भी पटरी पर है।
अमेरिकी सांसदों ने बुधवार को कहाकि सभी अमेरिकी मित्रों और सहयोगियों की मदद की जा रही है। लेकिन अमेरिका अपनी बौद्धिक संपदा और अपनी खोजों की सुरक्षा करेगा। अमेरिकी कांग्रेस के सदस्य ब्रैड वेनस्ट्रेप ने कहा कि कोविड-19 से जारी लड़ाई में हमारे रणनीतिक साझेदार भारत की मदद करने की जरूरत है। हमारी अतिरिक्त वैक्सीन विश्व भर में हमारे अन्य साझीदारों को आपूर्ति का अवसर देती हैं।
रिपब्लिकन सांसद ने ट्वीट करके कहाकि आपरेशन वै्रप स्पीड को सुरक्षित तरीके से रिकार्ड टाइम में गंतव्य तक पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि हमें मदद करने के बावजूद अमेरिकी शोधों और आइपी को सुरक्षित और संरक्षित रखना चाहिए। लेकिन इसीके साथ दुनिया भर में हमारे मित्रों की सहायता भी करनी चाहिए। राष्ट्रपति बाइडन ने पिछले हफ्ते कहा था कि बाकी बची वैक्सीनों को वह जरूरतमंद देशों को पहुंचाने की व्यवस्था करेंगे। वैक्सीन पाने वालों में भारत सबसे अहम देश होगा।


