मास्को । रूस में कोरोना संक्रमण के मामलों में तेजी आ गई है। चीन के ग्वांगझोउ में मनोरंजन के सभी स्थल बंद कर दिए गए हैं। रूस में आम तौर पर कोरोना संक्रमण के मामले हर रोज सात हजार के आसपास ही निकल रहे थे। मार्च के बाद 24 घंटे में इन मामलों की संख्या दस हजार से ज्यादा हो गई है। यहां कुल संक्रमण के मामलों की संख्या 51 लाख के पार हो गई। मरने वालों की भी संख्या बढ़ी है। राजधानी मास्को में प्रतिबंध कड़े कर दिए गए हैं।
चीन के ग्वांगझोउ शहर में बढ़ते कोरोना संक्रमण के कारण सिनेमा, थियेटर, नाइट क्लब और सभी इनडोर मनोरंजन स्थल बंद कर दिए गए हैं। ग्वांगझोउ के आसपास के क्षेत्रों में भी प्रतिबंध कड़े कर दिए गए। यहां अधिकांश मरीजों में डेल्टा वैरिएंट मिला है। आस्ट्रेलिया में संक्रमण बढ़ने के कारण मेलबर्न में लगाए गए लाकडाउन को शुक्रवार से खोला जा रहा है। यहां डेल्टा वैरिएंट के कारण मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ गई थी।
पाकिस्तान में वैक्सीन को लेकर मारामारी शुरू हो गई है। यहां पर गरीबों को तो वैक्सीन मिलना लगभग बंद हो गया है। यही स्थिति यहां रहने वाले शरणार्थियों की है। स्थानीय मीडिया के अनुसार पाकिस्तान में वैक्सीन पर गरीब और अमीर का भेदभाव चरम पर है। श्रीलंका में कोरोना संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 21 लाख के पार हो गई है। बांग्लादेश में यहां हर रोज कोरोना के 2300 मामले सामने आ रहे हैं। ब्राजील में हर रोज 2300 से ज्यादा लोगों की मौत हो रही है।
जापान ओलंपिक से पहले अमेरिका ने यात्रा में ढील दी है। अब अमेरिका ने अपने नागिरकों से कहा है कि वे जापान की यात्रा पर पुनर्विचार करें। पहले यात्रा न करने के लिए कहा गया था। जारी नए नोटिस में कहा गया है कि नागरिकों से आग्रह किया जाता है कि वे जापान की यात्रा से पहले अपने डाक्टर से परामर्श करें और वहां बीमार लोगों के संपर्क से बचें।


