नई दिल्ली : रोहिणी कोर्ट ने सागर धनखड़ की हत्या के मुख्य आरोपित ओलंपियन पहलवान सुशील कुमार की न्यायिक हिरासत 14 दिन और बढ़ा दी है। अब 25 जून तक सुशील व उसके साथी जेल में ही रहेंगे। इस बीच, पुलिस ने शुक्रवार को एक और आरोपित को गिफ्तार किया है।
पुलिस ने इससे पहले दो जून को सुशील कुमार की तीन दिन की रिमांड मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने नौ दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। शुक्रवार को सुशील की न्यायिक हिरासत खत्म हो रही थी। इसलिए वीडियो कांफ्रेंस के जरिये उसे जेल से ही मेट्रोपालिटन मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।
इस बीच, क्राइम ब्रांच की टीम ने गुरुवार को सुशील कुमार के करीबी अनिरुद्ध को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को अदालत ने उसे चार दिन की रिमांड पर भेज दिया। पुलिस ने अदालत में बताया कि सुबूत जुटाने के लिए अनिरुद्ध को जम्मू ले जाना है, जिसके लिए सात दिन की रिमांड पर दिया जाए।
गौरतलब है कि माडल टाउन स्थित छत्रसाल स्टेडियम में चार मई की रात सुशील व उसके साथियों ने सागर धनखड़ व दो अन्य पहलवानों की बुरी तरह पिटाई की थी, जिससे बाद में सागर की मौत हो गई। इस मामले में अभी तक 10 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।


