बांग्लादेशी अभिनेत्री ने उद्योगपति पर दुष्कर्म, हत्या के प्रयास का आरोप लगाया; गिरफ्तार

ढाका : बांग्लादेश में एक अभिनेत्री से दुष्कर्म का प्रयास करने के आरोप में पुलिस ने एक कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया है। अभिनेत्री ने पुलिस को दी गई शिकायत में कारोबारी नासिर महमूद पर एक क्लब में दुष्कर्म और हत्या का प्रयास करने का आरोप लगाया था।

नासिर महमूद रियल एस्टेट कारोबारी होने के साथ-साथ ढाका बोट क्लब का मनोरंजन और सांस्कृतिक मामलों का सचिव भी है।

इससे पहले अभिनेत्री ने फेसबुक पर पोस्ट लिखकर प्रधानमंत्री शेख हसीना से न्याय की गुहार लगाई थी।

सोमवार को उन्होंने पुलिस को दी गई शिकायत में नासिर और चार अन्य पर ढाका के एक क्लब में मारपीट करने का आरोप लगाया। डेली स्टार अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, शिकायत दर्ज करने के बाद पुलिस ने छापा मारकर नासिर और चार अन्य सह अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।

ढाका मेट्रोपोलिटन पुलिस की जासूसी शाखा के संयुक्त आयुक्त (उत्तर) हारुन ने बताया कि पांचों के खिलाफ नार्कोटिक्स कंट्रोल एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया जाएगा, क्योंकि छापेमारी के दौरान ड्रग्स और शराब भी बरामद किया गया था। हारुन ने बताया कि आरोपित विभिन्न क्लबों में पार्टियां करते रहते हैं, जिनमें युवा महिलाओं का शोषण किया जाता है।

उन्होंने कहा कि मौखिक रूप से कई अन्य लोगों ने भी आरोपितों के खिलाफ शिकायतें की हैं। यदि कोई आधिकारिक रूप से शिकायत दर्ज कराता है तो उन लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इससे पहले फेसबुक पोस्ट के जरिये प्रधानमंत्री शेख हसीना को मां बताते हुए अभिनेत्री ने दावा किया कि उन्होंने कानून प्रवर्तन एजेंसियों से मदद मांगी, लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिला। 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!