किसान आंदोलन : जिंदा जलाए गए मुकेश के परिवार से मिलने पहुंचे सांसद अर‍विंद शर्मा, सीबीआई जांच की उठाई मांग

बहादुरगढ़ (झज्जर) : कृषि कानून विरोधी धरना स्थल पर 43 वर्षीय मुकेश मुदगिल को तेल डालकर जिंदा जलाने की घटना से आहत ग्रामीणों के बीच रोहतक के भाजपा सांसद अरविंद शर्मा रविवार को गांव कसार पहुंचे।

उन्होंने मुकेश के परिवार वालों को सांत्वना दी और सीबीआइ जांच की मांग की। मृतक मुकेश के गांव कसार गांव में रविवार को होने वाली बारह गांवों की खाप पंचायत एक दिन टल गई। अब यह पंचायत सोमवार को 11 बजे गांव की चौपाल में होगी।

मुकेश के स्वजन के बीच पहुंचे भाजपा सांसद अरविंद शर्मा ने कहा कि व्यक्ति को जिंदा जलाना घिनौना काम है और 36 बिरादरी इस घटना की निंदा करती है। उन्होंने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता व एक सदस्य को नौकरी दिलवाने की बात सरकार के समक्ष रखने का भी आश्वासन दिया।

सांसद ने कहा कि धरना स्थल पर कई आपराधिक घटनाएं हो चुकी हैं। बंगाल की युवती के साथ दुष्कर्म की घटना की भी हम सीबीआइ जांच की मांग करते हैं। इस मामले में अब तक चार में से दो आरोपित जींद निवासी कृष्ण पंजेठा व संदीप गिरफ्तार हो चुके हैं।

सरपंच ने मांगी सुरक्षा कसार गांव के निवर्तमान सरंपच टोनी ने आरोप लगाया कि उन पर दबाव डाला जा रहा है कि पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए सक्रियता न दिखाएं। पुलिस सुरक्षा की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि अगर मुझे कुछ होता है तो उसके लिए राकेश टिकैत, गुरनाम चढूनी व प्रशासन जिम्मेदार होगा।

महापंचायत में चेतावनी, नहीं खुला रोड तो सड़कों पर उतरेंगे ग्रामीण जासं, सोनीपत : कृषि कानून के विरोध में करीब सात माह से बंद जीटी रोड को खुलवाने के लिए रविवार को सेरसा गांव में महापंचायत हुई।

महापंचायत में हरियाणा और दिल्ली के करीब दो दर्जन से ज्यादा गांवों के लोग शामिल हुए। सभी ने एक सुर में जीटी रोड के एक तरफ का रास्ता और गांवों के लिंक रोड को खाली करने की मांग की।

इसके लिए उन्होंने सरकार और प्रशासन और आंदोलनरत संयुक्त किसान मोर्चा को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है। इसके बाद ग्रामीण भी उग्र आंदोलन शुरू करेंगे, सड़कों पर उतरेंगे। पंजाब की ओर जाने वाले रास्ते भी बंद किए जा सकते हैं।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter