अंतर्राज्यीय चैक पोस्टों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण,मतदान केंद्राें की व्यवस्थाएं भी देखी
दतिया. कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विजय दत्ता और पुलिस अधीक्षक गुरुकरण सिंह ने गुरूवार को भांडेर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर धमना एवं उनाव बालाजी चैक पोस्ट का भी अवलोकन कर वहां तैनात एसएसटी दल से व्यवस्थाओं संबंधी जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने मतदाताओं से अपील की कि वह 3 नवम्बर को स्वतंत्र एवं निर्भीक होकर बिना किसी दबाव और प्रलोभन में आए अपने मताधिकार का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति उन्हें मतदान के संबंध में किसी भी प्रकार का दबाव या प्रलोभन देता है तो उसकी सूचना भी रिटर्निग आॅफीसर भांडेर, पुलिस अधिकारियों तथा सेक्टर अधिकारियों को बताए। जिससे संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जा सके।

कलेक्टर ने मतदान केन्द्रों पर की जाने वाली आवश्यक व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्यावल, सरसई, धमना आदि मतदान केन्दों्र का निरीक्षण कर मतदाताओं से चर्चा की। अधिकारियों ने अंतर्राज्यीय सीमा पर बनाए गए उनाव बालाजी चैक पोस्ट एवं धमना चैक पोस्ट का भी निरीक्षण कर वहां तैनात दल के सदस्यों से चर्चा कर बाहर से आने एवं जाने वाले वाहनों व संदिग्ध व्यक्तियों की चैकिंग के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने दल के सदस्यों एवं पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए कि चैक पोस्ट से निकलने वाले सभी वाहनों की जांच करें एवं सतत् निगरानी रखें। हर वाहन का नम्बर एवं वाहन चालक का मोबाईल नम्बर भी अंकित किया जाए। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी पुलिस भांडेर मालवीय, नायब तहीसलदार शिवशंकर गुर्जर सहित पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter