टूटी माईनर में पानी छोड़ दिए जाने से इस बार भी सौ बीघा जमीन हो जाएगी लबालब
बसई. रबी सीजन की बोवनी के लिए नहर में पानी छोड़ा जा चुका है। नहर में पानी आने से जहां अन्य क्षेत्र के किसानों को सुविधा होगी वहीं बसई क्षेत्र के ग्राम हिम्मतपुर के किसानों की करीब 100 बीघा जमीन जलभराव के कारण इस बार भी उपज के काबिल नहीं रह पाएगी। इस समस्या के बारे में पीड़ित किसानों का कहना है कि उनके गांव से निकली 2 आर माईनर टूटी होने से हर साल की तरह इस बार भी करीब एक दर्जन किसानों की 100 बीघा जमीन में पानी भर जाएगा। जिस वजह से किसान इस जमीन में खेती नहीं कर पाएंगे।

किसानों का कहना है कि कई वर्षों से नहर का पानी खेतों में भर जाता है। जिससे उनके खेत तालाब जैसे दिखाई देने लगते हैं।

इस समस्या के बारे में शिकायत कई बार नहर विभाग के अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन आज तक इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं किए जाने से समस्या जस की तस बनी हुई है। इसको लेकर क्षेत्रीय किसानों में आक्रोश है।

इन किसानों के खेतो में भर जाता है पानी-

हिम्मतपुर ग्राम में नहर में पानी छूटते ही गांव के किसान सीता पाल, जाहर सिंह लोधी, कमलसिंह नेता, मलखान सिंह, सियाराम, गुल्ले, रतीराम, बागराज आदि सहित करीब एक दर्जन से ज्यादा किसान प्रभावित होते हैं। इनके खेत नहर के पानी से लबालब हो जाते हैं। जिससे उनकी जमीन अनुपयोगी पड़ी रह जाती है।

पानी छोड़ने से पहले नहर की नहीं हुई सफाई-

किसानों का आरोप है कि हर साल नहर की सफाई के नाम पर संबंधित विभाग हजारों रुपये भ्रष्टाचार की भेंट चढ जाते हैं। इस बार भी बसई क्षेत्र से निकली नहर की सही ढंग से सफाई तक नहीं की गई। जिस वजह से नहर कई जगह टूटी पड़ी रहती उसकी मरम्मत नहीं हो पाती। वहीं अंतिम टेल बसई तक आज तक पानी नहीं पहुंच पाया है। जब से नहर बनाई गई है, तभी से बसई की अंतिम टेल तक पानी नहीं पहुंचता। कई बार क्षेत्र के लोगों ने इसे लेकर मांग भी उठाई लेकिन पानी नहीं पहुंच सका। 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter