हल्का सा बुखार तो मतदान के लिए करना होगा इंतजार

दतिया. भांडेर विधानसभा उपचुनाव में मतदान केंद्रों पर कोरोना संक्रमण को लेकर भी विशेष ध्यान रखा जाएगा । मतदान केंद्र पर पहुंचने वाले हर मतदाता की थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। यदि किसी मतदाता के शरीर का तापमान सामान्य से अधिक रहा तो उसे कोरोना का संदिग्ध मरीज मानकर 15 मिनट इंतजार करना होगा। 15 मिनट इंतजार के बाद दोबारा तापमान जांचा जाएगा। इसके बाद भी तापमान अधिक रहता है तो उसे मतदान केंद्र पर लगाए गए टेंट में रुकना पड़ेगा। इसके बाद ही उस मतदाता को सबसे अंत में मतदान करने दिया जाएगा । मतदान के लिए 260 मतदान केंद्र बनाए गए । इससे पहसे चुनाव में 229 बूथ थे । कोविड-19 के प्रोटोकॉल के चलते 31 बूथों की संख्या बढ़ाई गई है।

जानकारी के अनुसार मतदान के दौरान 40 डॉक्टरों की विशेष टीम की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें से प्रत्येक पांच बूथों के मध्य एक डॉक्टर की सुविधा दी गई है। इसी तरह से 230 पैरामेडिकल स्टाफ और आशा कार्यकर्ताओं की भी ड्यूटी लगाई गई है। यह एक बड़ा स्वास्थ्य अमला पहली बार चुनाव के दौरान देखने को मिलेगा । इसके अतिरिक्त 300 टेंपरेचर गन मंगवाई गई है, जिससे हर मतदाता का बुखार नापा जाएगा । इसे भी मतदान केंद्रों पर रखा जाएगा। हाल ही में भांडेर में चुनावी सभाओं के दौरान और भीड़भाड़ के कारण जो लोग संक्रमित हुए हैं, उनके लिए अतिरिक्त 55 से ज्यादा पीपीई किट भी जिला प्रशासन ने मंगवाकर स्वास्थ्य विभाग को सौंपी है। पीपीई किट के अलावा वाहन और वाहन चालक भी अतिरिक्त रखे गए हैं ताकि वह किसी भी घायल अथवा अस्वस्थ व्यक्ति को सीधे जिला मुख्यालय के चिकित्सालय भेज सके। इसके लिए करीब 16 वाहन लगाए गए हैं। किसी भी मतदाता को हल्के बुखार अथवा कोरोना के लक्षण पाए जाने पर उसे मतदान के अंतिम समय तक रोका जाएगा। फिर पूरा मेडिकल चेकअप किया जाएगा और फिर पीपीई किट पहनाकर उससे मतदान कराया जाएगा। इससे पूर्व पूरे मतदान केंद्र का सैनिटाइजेशन भी किया जाना तय किया गया है। इस संबंध में कलेक्टर विजय दत्ता और एडीएम सुजान सिंह रावत तथा सीएमएचओ एसएन उदयपुरिया की एक संयुक्त बैठक संपन्न हुई। जिसमें कोरोना संबंधित मतदाता पाया जाने पर क्या कार्य योजना रहेगी यह निर्धारित किया गया।

आपात िस्थति के लिए बूथ् पर तैनात रहेंगी टीम

मतदाताओं को मतदान के लिए की इंतजार के लिए हर बूथ पर टेंट, कुर्सियों और पानी का इंतजाम रहेगा। आपात स्थिति में डॉक्टर और पेरामेडिकल स्टॉफ भी रहेगा। मतदाताओं के लिए हर बूथ पर मास्क, हैंड ग्लब्स (दस्ताने) का इंतजाम भी रहेगा। मतदाताओं को दस्ताने पहनकर वोट डालना होगा ताकि ईवीएम के जरिए संक्रमण न फैले। जिले के भांडेर विधानसभा में सभी 260 बूथ पर यह इंतजाम किए जा रहे हैं।

 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter