ममता बनर्जी के बयान के बाद अब स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन का पलटवार, बोले- महामारी पर बेशर्म राजनीति से बचें

कोलकाता : कोरोना संकट के बीच वैक्सीन को लेकर बंगाल में सियासत जारी है। बुधवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र पर आरोप लगाया था कि बंगाल को छोटे राज्यों से भी कम वैक्सीन दी गई है।

ममता के इस बयान के बाद अब केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डा. हर्षवर्धन ने गुरुवार को बिना नाम लिए उनपर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक हस्तियां कोरोना वैक्सीन को लेकर गैरजिम्मेदाराना बयान दे रही हैं।

उन्होंने कहा कि लोगों को महामारी में ओछी राजनीति से बचना चाहिए। डा. हर्षवर्धन ने एक के बाद एक अपने कई ट्वीट में राज्यों को दी जाने वाली वैक्सीन आपूर्ति की जानकारी दी।

साथ ही उन्होंने सभी राजनेताओं से महामारी पर ओछी राजनीति से बचने की अपील की। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा 75 फीसद वैक्सीन को मुफ्त किए जाने के बाद टीकाकरण की रफ्तार बढ़ी है।

11.50 करोड़ डोज अकेले जून में दी गई हैं। जुलाई की वैक्सीन सप्लाई के लिए राज्यों को पहले ही सूचित किया जा चुका है।

इस जानकारी को राज्यों के साथ 15 दिन के निश्चित समय में साझा किया जाता है, वह भी प्रतिदिन की सप्लाई के साथ। जुलाई में सप्लाई के लिए कुल 12 करोड़ खुराक तैयार हैं।

प्राइवेट अस्पतालों के लिए सप्लाई इससे कहीं अधिक होगी। अगर राज्यों को कहीं दिक्कत होती है, तो उससे यह पता चलता है कि उन्हें अपने टीकाकरण अभियान के लिए बेहतर योजना बनाने की जरूरत है। 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter