अरुणाचल प्रदेश के सीएम और रिजीजू के खिलाफ शिकायत दर्ज, कानूनों में ‘जान बूझकर उल्लंघन’ करने का आरोप

ईटानगर : अरुणाचल प्रदेश के क्षेत्र में बदलाव की कोशिश को लेकर राज्य के चार राजनीतिक दलों के नेताओं ने केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजू तथा मुख्यमंत्री पेमा खांडू के खिलाफ यहां पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत में इन पर राज्य की सीमा में बदलाव की कोशिश के अलावा कई कानूनों और संविधान का ‘जानबूझकर उल्लंघन’ करने का आरोप लगाया गया है।

शिकायत गुरुवार को पापुमपारे जिले के किमिन थाने में दर्ज कराई गई जो सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के असम के किमिन का नाम बदलकर बिलगढ़ करने से उठे विवाद को लेकर है।

दरअसल 17 जून को एक कार्यक्रम हुआ था जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 20 किमी लंबी किमिन-पोतिन सड़क और 11 अन्य ऐसी ही परियोजनाओं का उद्घाटन किया था। इस सड़क का निर्माण बीआरओ ने कराया था। नाम बदलने को लेकर उठे विवाद के बाद संगठन ने राज्य के लोगों से माफी मांग ली है।

शिकायत करने वाले नेताओं में पीपुल्स पार्टी आफ अरुणाचल (पीपीए) के काहफा बेंगिया और कलिंग जेरांग, जनता दल (यू) की रुही तागुंग और रीबा पांगिया डोलो, कांग्रेस के तेची तेगी तारा और ज्ञामर ताना तथा जनता दल (सेक्यूलर) के जारजुम एटे शामिल थे।

इन्होंने आरोप लगाया कि खांडू और रिजिजू ने संविधान के अनुच्छेद तीन की अवमानना करते हुए राज्य के क्षेत्र में बदलाव करने की गैरकानूनी कोशिश की जिससे क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव और गंभीर अशांति पैदा हुई। ..

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter