Haryana के पूर्व मुख्‍यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला दिल्‍ली की तिहाड़ जेल से रिहा हुए

नई दिल्ली : हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला दिल्ली की तिहाड़ जेल से रिहा हो गए हैं। इसके बाद उन्होंने अपने समर्थकों से कहा कि वह केंद्र सरकार की गलत नीतियों के विरोध में सारे देश का दौरा करेंगे और अगले सप्ताह कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलन कर रहे किसान संगठनों को हौसला बढ़ाने धरनास्थलों पर जाएंगे।

शिक्षक भर्ती घोटाले में 10 साल की सजा पूरी होने के बाद 88 वर्षीय चौटाला शुक्रवार सुबह रिहाई की औपचारिकताएं पूरी करने लगभग 11.15 बजे अपने वकील अमित साहनी के साथ जेल नंबर चार के द्वार पर पहुंचे। अभय चौटाला के बेटे कर्ण चौटाला अपने दादा को खुद कार ड्राइव कर ले आए।

चौटाला के वकील अमित साहनी ने बताया कि जेल प्रशासन की तरफ से प्राप्त रिहाई की ई-मेल के आधार पर उन्होंने रिहाई की औपचारिकता पूरी करने के लिए आवेदन किया था।

पैरोल पर चल रहे चौटाला ने पहले जेल अधीक्षक अधवेश्वर कांत के समक्ष सरेंडर किया। इसके बाद जेल अधीक्षक और अतिरिक्त अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने रिहाई की औपचारिकताएं पूरी की।

लगभग 45 मिनट तक जेल के अंदर रिहाई की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद चौटाला जैसे ही जेल से बाहर निकले, उन्हें उनकी पार्टी इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के समर्थकों ने घेर लिया। इसके बाद दिल्ली-गुरुग्राम की सीमा पर समर्थकों ने ढोल-बाजे की थाप पर नाचते हुए पुष्पवर्षा कर चौटाला का स्वागत किया।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter