ग्रेटर नोएडा : यमुना एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार को हुए हादसे में अर्टिगा कार ट्रक से टकरा गई। हादसे में कार सवार दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। महिला समेत छह लोग गंभीर घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को जेवर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है। कार सवार बिहार से दिल्ली जा रहे थे। कोतवाली प्रभारी उमेश बहादुर सिंह ने बताया कि बिहार के दरभंगा निवासी मनोज कुमार शर्मा व अमित कुमार फरीदाबाद में रहकर रेफ्रिजरेशन का काम करते हैं।
गुरुवार रात वह दरभंगा से अर्टिगा कार से यमुना एक्सप्रेस वे के रास्ते फरीदाबाद जा रहे थे। शुक्रवार सुबह जेवर टोल प्लाजा के समीप 40वें किलोमीटर पर आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए।
तेज रफ्तार कार पीछे से ट्रक में जा घुसी। टक्कर लगते ही कार के परखच्चे उड़ गए। पुलिस और जेपी इंफ्राटेक के कर्मचारी मदद के लिए पहुंचे। कार को काटकर घायलों को बाहर निकाला गया।
उन्हें जेवर स्थित कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने अमित कुमार निवासी नरकटिया मधुबनी बिहार को मृत घोषित कर दिया। वहीं उपचार के दौरान सुरेश ठाकुर निवासी कमरौली दरभंगा बिहार, वर्तमान पता जनकपुरी, दिल्ली की मौत हो गई।
हादसे में गंभीर रूप से घायल मनोज कुमार शर्मा व उनका पुत्र सचिन, प्रेम कुमार, चंदन कुमार, पांच वर्षीय विजय कुमार व पत्नी संजू शर्मा का आइसीयू में उपचार चल रहा है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया। ट्रक को कब्जे में ले लिया है।


