बड़ा हादसा: फिलीपींस में सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त, 45 की मौत, 49 लोग बचाए गए

फिलीपींस :  सुलु प्रांत में रनवे मिस होने के कारण सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जोलो एयरपोर्ट पर हुए इस भीषण हादसे में 42 सैनिकों और एयरपोर्ट के नजदीक मौजूद तीन नागरिकों की मौत हो गई है।

फिलीपींस रक्षा विभाग ने वायुसेना के लॉकहीड सी-130 हरक्यूलिस विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी दी है। हादसे में 49 लोगों को बचाने में सफलता मिली है।

बचने वालों में कुछ ऐसे सैनिक भी हैं, जो विमान में आग लगने और विस्फोट होने से पहले उससे कूद गए थे। सैन्य अधिकारी ने बताया कि विमान में कुल 96 लोग सवार थे। इनमें तीन पायलट और पांच क्रू सदस्यों के अलावा 88 सैनिक थे। अब तक पांच सैनिकों का पता नहीं चल पाया है।

तीनों पायलट गंभीर रूप से घायल हैं। क्रू के सभी सदस्यों को भी बचा लिया गया है। अमेरिका ने सैन्य सहयोग के तौर पर फिलीपींस को अपनी वायुसेना में रह चुके दो विमान दिए थे। इन्हीं में से एक विमान दुर्घटना का शिकार हुआ है।

हादसे का कारण पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है। हालांकि किसी बाहरी हमले की आशंका नहीं जताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि विमान रनवे से आगे निकल गया था और एयरपोर्ट के बाहरी किनारे से टकराकर क्रैश हो गया।

एक सैन्य अधिकारी ने बताया कि जोलो का रनवे देश के अन्य रनवे के मुकाबले छोटा है। लैंडिंग स्पॉट मिस होने के बाद किसी भी पायलट के लिए विमान को संभालना बहुत मुश्किल है।

एक अधिकारी ने बताया कि विमान में सवार बहुत से सैनिक नए थे और हाल ही में उनकी ट्रेनिंग पूरी हुई थी। इन्हें सुलु में तैनाती के लिए भेजा जा रहा था। सैन्य कमांडर मेजर जनरल विलियम गोंजालेस ने बताया कि ये सैनिक यहां आतंकियों के खिलाफ लड़ाई में शामिल होने वाले थे।

यह एयरपोर्ट सुलु के पहाड़ी इलाके से कुछ ही किलोमीटर दूर है। इस इलाके में सेना अबु सैयाफ आतंकी समूह से लड़ रही है। कुछ आतंकी अपने आप को इस्लामिक स्टेट (आइएस) का भी हिस्सा बताते हैं।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter