सैन फ्रांसिस्को, आइएएनएस : ठीक 27 साल पहले पांच जुलाई, 1994 को अमेजन की स्थापना करने वाले जेफ बेजोस आधिकारिक रूप से रिटायर हो गए हैं। कंपनी की कमान अब अमेजन वेब सर्विसेज के एक्जीक्यूटिव एंडी जेसी के हाथ होगी।
उनका नाम अमेजन डॉट कॉम के प्रेसिडेंट एवं सीईओ के तौर पर अपडेट कर दिया गया है। अमेजन इस समय 1.7 लाख करोड़ डॉलर की कंपनी है। बेजोस ने मई में रिटायर होने का एलान किया था। उन्होंने पांच जुलाई से जेसी को यह जिम्मेदारी देने की बात कही थी।
उन्होंने रिटायरमेंट के लिए यह तारीख चुनी, क्योंकि इससे उनकी संवेदनाएं जुड़ी हैं। अमेजन की स्थापना के तीन साल बाद यानी 1997 में जेसी इससे जुड़े थे। कई अलग-अलग भूमिकाओं में रहने के बाद उन्होंने अमेजन वेब सर्विसेज (एडब्ल्यूएस) की स्थापना की और उसका नेतृत्व करते रहे।
अप्रैल, 2016 में वह एब्ल्यूएस के सीईओ बने। अमेजन का क्लाउड कारोबार संभालने वाली इकाई एडब्ल्यूएस ने इस साल मार्च तिमाही में कारोबार में 32 फीसद का जबर्दस्त उछाल दर्ज किया था।
बेजोस एयरोस्पेस कंपनी ब्लू ऑरिजन के भी संस्थापक हैं, जो अंतरिक्षयानों की लागत कम करने और सुरक्षा बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है। साथ ही बेजोस वाशिंगटन पोस्ट के भी मालिक हैं।
बेजोस ने ब्लू ऑरिजन द्वारा तैयार टूरिज्म रॉकेट न्यू शेपार्ड में सवार होकर 20 जुलाई को अपने भाई मार्क के साथ अंतरिक्ष में जाने का एलान भी किया है। बेजोस ने फरवरी में ही कहा था कि वह करियर की ऊंचाई पर रहते हुए सीईओ का पद छोड़ेंगे, ताकि इनोवेशन पर ध्यान दे सकें।


