नई दिल्ली : मेरठ में धागे वाले बाबा के नाम से लोगों के बीच पहचान बनाने वाले रक्षित गौतम को द्वारका साउथ थाना पुलिस ने ठगी के आरोप में गिरफ्तार किया है।
आरोपित पर पांच लोगों को हाई कोर्ट सहित अन्य कोर्ट में नौकरी दिलाने के नाम पर 18 लाख रुपये की ठगी का आरोप है।
द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त संतोष कुमार मीणा ने बताया कि मामला तब संज्ञान में आया जब नौकरी से जुड़े पुलिस सत्यापन के आवेदन में दिल्ली हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार की नकली मुहर के बारे में जानकारी मिली। छानबीन के दौरान पुलिस ने उस शख्स से पूछताछ की जिसका सत्यापन किया जाना था।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष रक्षित गौतम नामक शख्स को उन्होंने इस नौकरी के एवज में पांच लाख रुपये दिए हैं। यह भी पता चला कि वह कई लोगों के साथ ऐसा कर चुका है।
इसके बाद द्वारका साउथ थाना पुलिस टीम ने रक्षित गौतम का पता लगाया मेरठ स्थित शिवपुरम कालोनी से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार वहां रक्षित धागे वाले बाबा के नाम से जाना जाता है। रक्षित दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई कर चुका है।


