सिलेंडर फटने से मासूम बालिका की मौत, मां-बाप गंभीर रूप से झुलसे, मकान की छत टूटकर हुई धराशायी

Datia News : दतिया। थरेट थाना क्षेत्र के ग्राम ईगुई में मंगलवार सुबह सिलेंडर फटने से एक मासूम बच्ची की मौत हो गई। वहीं महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को उपचार के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के दौरान सिलेंडर फटने के बाद हवा में उछलता हुआ छत तोड़कर ऊपर जा गिरा।

जिससे छत के पटिया टूटकर नीचे गिर पड़े और घर का कीमती सामान वाशिंग मशीन, फ्रिज आदि क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना पर सेवढ़ा विधायक घनश्याम सिंह भी मौके पहुंचे। देर शाम तक घटना स्थल पर कोई प्रशासनिक अधिकारी न पहुंचने से लोगों में आक्रोश नजर आया।

जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह ग्राम ईगुई निवासी वीरेंद्र राजपूत की बहू आराधना अपनी एक वर्ष की मासूम बेटी दृष्टि को गोद में लेकर घर की रसोई में खाना बनाने के लिए गैस चालू कर रही थी। इसी दौरान सिलेंडर ने आग पकड़ ली और सिलेंडर से लपटें उठने लगी।

पत्नी और बेटी को आग से झुलसता देख रोहित उन्हें बचाने के लिए दौड़ा लेकिन वह भी आग से घिर गया। इसी दौरान रोहित के साले की 10 वर्षीय बेटी नैंसी पुत्र पवन भी वहां आ गई। आग बढ़ने से सिलेंडर फट गया और हवा में उछलता हुआ छत तोड़कर ॅऊपर जा गिरा।

छत टूटने से उसके पटिया भी अराधना और रोहित पर गिर पड़े, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास कोहराम मच गया। आसपड़ोस के लोगों ने स्वजन की मदद कर सभी घायलों को इंदरगढ़ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को दतिया रेफर किया गया।

दतिया जिला अस्पताल में आग से बुरी तरह झुलसी 1 वर्षीय मासूम दृष्टि और अन्य लोगों को उपचार के लिए ग्वालियर रेफर किया गया। ग्वालियर जाते समय रास्ते में मासूम द्ृष्टि ने दमतोड़ दिया। महिला अराधना की हालत भी गंभीर बताई जा रही है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter